छत्तीसगढ़सारंगढ़

शिव महापुराण कथा के चौथे दिन दिखा शिव विवाह का अलौकिक प्रसंग, आकर्षक झांकी बनी आकर्षण का केंद्र

*शिव महापुराण कथा के चौथे दिन दिखा शिव विवाह का अलौकिक प्रसंग, आकर्षक झांकी बनी आकर्षण का केंद्र*

बिलाईगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम ठाकुरदिया में आयोजित शिव महापुराण कथा से पूरा गांव भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया है। गुरुवार से प्रारंभ हुए इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की कथा का श्रवण कर रहे हैं। कथा के चौथे दिन कथा व्यास आचार्य महादेव जी ने भगवान शिव की महिमा, माता पार्वती की कठोर तपस्या, तारकासुर के उत्पत्ति प्रसंग तथा भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य विवाह की कथा का विस्तारपूर्वक वर्णन किया।

कथा के दौरान आचार्य महादेव जी ने बताया कि माता सती के देह त्याग के बाद भगवान शिव गहन तपस्या में लीन हो गए थे। इसके पश्चात माता सती ने हिमालय राज के घर माता पार्वती के रूप में जन्म लिया। बचपन से ही माता पार्वती का मन भगवान शिव की भक्ति में लगा रहता था। उन्होंने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने का संकल्प लिया और इसके लिए कठोर तपस्या प्रारंभ की। माता पार्वती ने वर्षों तक कठिन साधना कर भगवान शिव को प्रसन्न करने का प्रयास किया। उनकी अटूट श्रद्धा, समर्पण और तपस्या से प्रसन्न होकर अंततः भगवान शिव ने उनकी मनोकामना स्वीकार की।

आचार्य जी ने तारकासुर की उत्पत्ति और उसके अत्याचारों का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि तारकासुर के आतंक से देवता भी परेशान हो गए थे। उसे वरदान प्राप्त था कि भगवान शिव के पुत्र के हाथों ही उसका वध संभव होगा। इसी कारण देवताओं ने भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का मार्ग प्रशस्त करने के लिए प्रयास किए। अंततः माता पार्वती की कठिन तपस्या और देवताओं की प्रार्थना के बाद भगवान शिव विवाह के लिए सहमत हुए। भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह केवल दो दिव्य स्वरूपों का मिलन नहीं, बल्कि शक्ति और शिव के एकाकार होने का प्रतीक माना जाता है।

*शिव-पार्वती विवाह की निकाली गई आकर्षक झांकी*

Oplus_131072

कथा के चौथे दिन शिव-पार्वती विवाह का प्रसंग विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। भगवान शिव की अनोखी बारात, जिसमें देवता, गण, भूत-प्रेत और विभिन्न दिव्य स्वरूप शामिल थे, का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। कथा के अनुसार भगवान शिव जब माता पार्वती से विवाह करने के लिए बारात लेकर पहुंचे, तो उनका विचित्र और अद्भुत स्वरूप देखकर हिमालय राज के परिवार में आश्चर्य का माहौल बन गया। वहीं माता पार्वती भगवान शिव के इसी स्वरूप को अपना आराध्य मानकर प्रसन्न थीं।

Oplus_131072

इसके पश्चात भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह की सुंदर झांकी भी प्रस्तुत की गई। आकर्षक रूप से सजाई गई झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। विवाह के पावन प्रसंग के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव एवं माता पार्वती के जयकारे लगाए। पूरे कथा पंडाल में हर-हर महादेव और जय माता पार्वती के जयघोष गूंजते रहे।

शिव महापुराण कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, तपस्या, त्याग, प्रेम और समर्पण का संदेश दिया जा रहा है। कथा श्रवण के लिए ठाकुरदिया सहित आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं शिवभक्त पहुंच रहे हैं। धार्मिक आयोजन को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं पूरे कार्यक्रम में मनसंचालन डॉक्टर छवि साहू के द्वारा किया जा रहा है ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!