भटगॉवसारंगढ़

कलेक्टर की उपस्थिति में धूमधाम से मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव और बीज उत्सव

कलेक्टर की उपस्थिति में धूमधाम से मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव और बीज उत्सव

सीड बाल निर्माण अभियान में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सहभागिता देकर नागरिकों को किया प्रेरित

 

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 जून 2026/ बरमकेला ब्लॉक के ग्राम पंचायत खिचरी स्थित समग्र शिक्षा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव एवं बीज उत्सव कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू शामिल हुईं। कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिला समूहों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विद्यालय परिसर में फलदार एवं छायादार वृक्षों के बीजों से तैयार किए गए आकर्षक सीड बॉल (मिट्टी के बीज गोले) से “शाला प्रवेश उत्सव” की सजावट की गई, जो सभी के आकर्षण का केंद्र रही। कलेक्टर ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक एवं नृत्य कार्यक्रमों का अवलोकन किया तथा बच्चों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना की। विद्यालय की शिक्षिकाएं सुनीता यादव और सरिता सिदार छत्तीसगढ़ी ग्रामीण वेशभूषा में नजर आईं। कलेक्टर ने कार्यक्रम में विद्यार्थियों को गणवेश एवं पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया और बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन भी ग्रहण किया।

इस अवसर पर आयोजित बीज उत्सव में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा मिट्टी के गोलों में विभिन्न प्रकार के बीज डालकर सीड बॉल तैयार किए गए। इन सीड बॉल्स को वर्षा ऋतु में गोमर्डा अभयारण्य एवं जिले के बंजर क्षेत्रों में फैलाया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा मिलेगा।

जिले में 1 लाख सीड बॉल निर्माण महाअभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बरमकेला ब्लॉक में महिला समूहों द्वारा अब तक 45 हजार से अधिक सीड बॉल तैयार किए जा चुके हैं। कलेक्टर ने स्वयं सीड बॉल बनाकर अभियान में सहभागिता निभाकर जिले के सभी नागरिकों को सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अभिलाषा नायक, सहोदरा सिदार, जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी- कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, बिहान की महिला सदस्यगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!