
*सारंगढ़ नजूल क्षेत्र का अंतिम उद्घोषणा जारी, 32 नजूल सीट एवं मेंटेनेंस खसरा तैयार*
*आधुनिक तकनीक से हुआ सर्वेक्षण एवं भौतिक सत्यापन, 1,451 प्लॉट नंबर मौके पर पाए गए सत्यापित*

सारंगढ़-बिलाईगढ़। सारंगढ़ नजूल क्षेत्र के सर्वेक्षण एवं नजरी नक्शे और संधारण खसरे के निर्माण की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद नजूल शाखा द्वारा अंतिम उद्घोषणा जारी कर दी गई है। कलेक्टर कार्यालय की नजूल शाखा से जारी आदेश के अनुसार छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (C-COST) को आधुनिक तकनीक से सर्वेक्षण कर नजरी नक्शे एवं संधारण खसरे के निर्माण का कार्य सौंपा गया था।

इस कार्य के अंतर्गत दिनांक 21 अप्रैल 2023 को सारंगढ़ नजूल क्षेत्र सर्वेक्षण समीक्षा बैठक के निर्णय के आधार पर संचालक भू-अभिलेख की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (C-COST) एवं तहसीलदार सारंगढ़ द्वारा राजस्व निरीक्षक नजूल की टीम से भौतिक सत्यापन कराया गया। भौतिक सत्यापन के दौरान कुल 1,935 प्लॉट नंबर में से 1,451 प्लॉट नंबर मौके पर सत्यापित पाए गए, जबकि 484 प्लॉट नंबर बंटांकन, चिन्हांकन एवं विलुप्त होने के कारण अंतिम विनिश्चय हेतु शेष हैं।

उक्त कार्य के संबंध में 7 मई 2025 को प्रारंभिक इश्तहार प्रकाशित कर दावा-आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं। प्राप्त सभी आपत्तियों पर नियमानुसार विचार करते हुए उनका निराकरण किया जा चुका है। इसके पश्चात छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (C-COST) से प्राप्त सारंगढ़ नजूल का नवीन 32 नजूल सीट एवं मेंटेनेंस खसरा तैयार कर अंतिम उद्घोषणा का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया गया है।

इस अंतिम उद्घोषणा के जारी होने से सारंगढ़ नजूल क्षेत्र के अभिलेखों के सर्वेक्षण एवं संधारण की प्रक्रिया को महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है।


