
जे.पी. पब्लिक स्कूल में बाल दिवस का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया
विद्यार्थियों ने भाषण, कविता, गीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया

विद्यार्थियों ने विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में भाग लिया

बिलाईगढ़, विकासखंड बिलाईगढ़ के अंतर्गत बेलटिकरी के जे.पी. पब्लिक स्कूल में शनिवार 14 नवंबर को बाल दिवस का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। भारत में हर वर्ष 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर बाल दिवस मनाया जाता है। बच्चों के प्रति उनके विशेष प्रेम के कारण उन्हें प्यार से ‘चाचा नेहरू’ कहा जाता था।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों के उत्साहपूर्ण स्वागत और बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालने के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भाषण, कविता, गीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

विद्यालय परिसर में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल बना रहा। विद्यार्थियों ने विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में भाग लिया और शिक्षकों के साथ बाल दिवस की खुशियां साझा कीं।

वहीं स्कूल के प्राचार्य बी के जायसवाल ने बच्चों को सम्बोधित करते हुए कहा कि बच्चे किसी भी देश का उज्ज्वल भविष्य होते हैं। प्रत्येक बच्चे के अंदर एक विशेष प्रतिभा छिपी होती है, जिसे सही शिक्षा, संस्कार और मार्गदर्शन के माध्यम से निखारा जा सकता है। बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों और नैतिक मूल्यों के माध्यम से अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना चाहिए। बड़े सपने देखिए, मेहनत कीजिए और जीवन में एक अच्छा इंसान बनिए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के वॉयस प्रिंसिपल रमेश कुर्रे, ओमेश्वरी साहू, अम्बरीश चन्द्रासुना, मानस बारिक, आशीष मिर्धा, दुर्बादल प्रधान, अमीषा बंजारे, रंजिता कुर्रे, यामिनी बंजारे, तुलेश्वरी साहू, हेमा बंजारे, भूमिका साहू सहित समस्त विद्यालय परिवार का विशेष योगदान रहा।

विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों के साथ खुशियां साझा कीं और उन्हें शिक्षा, अनुशासन, अच्छे संस्कार एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

अंत में स्कूल के डायरेक्टर सत्यम जायसवाल एवं विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों को बाल दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी और कार्यक्रम का समापन हंसी-खुशी और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। जे.पी. पब्लिक स्कूल बेलटिकरी का यह बाल दिवस समारोह बच्चों के लिए आनंद, उमंग और यादगार पलों से भरा रहा।