
खेत में करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से दो सांभरों की मौत, तीन संदिग्ध फरार।
सारंगढ़-बिलाईगढ़, जिले के ग्राम पंचायत सोंडका से वन्यजीवों के अवैध शिकार का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां खेत में अवैध रूप से बिछाए गए करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से दो सांभरों की मौत हो गई। वहीं, एक सांभर को पकाकर खाने या बेचने की आशंका भी जताई जा रही है।

मामले की सूचना मिलते ही वन विभाग और पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वन विभाग के मुताबिक, इस मामले में तीन संदिग्धों की पहचान हुई है, लेकिन तीनों फिलहाल फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।

वहीं, मृत सांभरों का पोस्टमार्टम कराकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

बड़ा सवाल यह है कि आखिर खेतों में अवैध रूप से करंट प्रवाहित तार बिछाकर बेजुबान वन्यजीवों की जान लेने वालों पर कब सख्त कार्रवाई होगी?

क्षेत्र में वन्यजीवों के अवैध शिकार की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। ऐसे में केवल कार्रवाई का आश्वासन नहीं, बल्कि दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाना वन विभाग के सामने बड़ी चुनौती है।

अब देखना होगा कि वन विभाग इस मामले में फरार संदिग्धों को कब तक गिरफ्तार कर पाता है और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए आगे क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।



