*फरसवानी गांव में टीबी मुक्त भारत के स्वास्थ्य शिविर का आयोजन*
*टीबी के लक्षण दिखें तो तुरंत कराएं जांच : सीएमएचओ पुष्पेंद्र वैष्णव*
*131 ग्रामीणों का हुआ एक्स-रे
सारंगढ़-बिलाईगढ़,कलेक्टर भोई साहू के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव के मार्गदर्शन में जिले को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम फरसवानी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की टीबी संबंधी जांच के साथ जागरूकता भी दी गई।
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों की जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार एक्स-रे कराया गया। शिविर में 57 पुरुषों एवं 74 महिलाओं सहित कुल 131 ग्रामीणों का एक्स-रे किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी के संभावित मरीजों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक जांच एवं परामर्श दिया गया।
जिले में टीबी उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा डोर-टू-डोर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव पहुंचकर लोगों में टीबी के लक्षणों की जानकारी दे रही हैं तथा संदिग्ध मरीजों की जांच कर उन्हें उपचार से जोड़ा जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य टीबी के मरीजों की जल्द पहचान कर उनका समय पर उपचार शुरू करना और संक्रमण को फैलने से रोकना है।
सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव ने स्वास्थ्य सुरक्षा के बारे में कहा कि जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर लोगों की जांच की जा रही है, ताकि टीबी के संभावित मरीजों की पहचान प्रारंभिक स्तर पर ही हो सके। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि दो सप्ताह या उससे अधिक समय से खांसी, लगातार बुखार, वजन कम होना, भूख कम लगना या रात में पसीना आने जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। टीबी का समय पर उपचार पूरी तरह संभव है और मरीज उपचार के दौरान दवाइयों का नियमित सेवन करें।



