
बिजली दर बढ़ाने की तैयारी पर कांग्रेस नेता प्रवेश दुबे का हमला, कहा – आम जनता और किसानों पर पड़ेगा अतिरिक्त बोझ

▪️सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में बिजली की दरों में वृद्धि को लेकर कांग्रेस का हमला, प्रवेश दुबे ने सरकार पर साधा निशाना
भटगांव – छत्तीसगढ़ प्रदेश में बिजली दरों में एक बार फिर वृद्धि जनता, किसानों और छोटे व्यापारियों पर आर्थिक बोझ डालने जैसा है। भाजपा सरकार लगातार बिजली उपभोक्ताओं की जेब पर डाका डाल रही है। उक्त बातें वर्तमान पार्षद एवं नगर पंचायत भटगांव के पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रवेश दुबे ने प्रेस विज्ञप्ति से कही। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ने बताया कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में पांचवीं बार बिजली दरों में बढ़ोतरी की गई है। इस बार घरेलू उपभोक्ताओं के लिए प्रति यूनिट 30 से 50 पैसे तथा गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे तक की वृद्धि की गई है। वहीं किसानों को भी राहत नहीं दी गई और कृषि पंपों की बिजली दरों में 40 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी कर दी गई है। हाल ही में सरकार ने 12 प्रतिशत विद्युत ईंधन अधिभार (एफपीपीए) लागू कर पहले ही उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त भार डाल दिया था। इसके बावजूद बिजली दरों में लगातार इजाफा किया जा रहा है। जबकि कांग्रेस शासनकाल में पांच वर्षों के दौरान बिजली दरों में केवल 2 पैसे की वृद्धि हुई थी और तब 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना से जनता को बड़ी राहत मिलती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेशभर में बिजली उपभोक्ताओं को पिछले कुछ महीनों से तीन से चार गुना तक अधिक बिल प्राप्त हो रहे हैं। जून माह में 45 लाख से अधिक उपभोक्ताओं के बिजली बिल सामान्य से कई गुना अधिक आए हैं, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। बिजली विभाग उपभोक्ताओं की सहमति के बिना उनके कनेक्शन का अनुबंध भार (लोड) बढ़ा रहा है साथ ही स्मार्ट मीटरों के माध्यम से वास्तविक खपत से अधिक रीडिंग दर्ज होने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। अधिक खपत का हवाला देकर उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त शुल्क और अर्थदंड भी लगाया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि बिजली दरों में की गई वृद्धि तत्काल वापस ली जाए, बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कराई जाए तथा आम जनता और किसानों को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।।

