छत्तीसगढ़सारंगढ़

धान खरीदी केंद्रों की निगरानी के लिए 95 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई

*धान खरीदी केंद्रों की निगरानी के लिए 95 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई*

*कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जारी किया आदेश, प्रत्येक शनिवार को उपार्जन केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर सौंपनी होगी रिपोर्ट*

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 5 नवंबर 2026। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने जिले के धान उपार्जन केंद्रों की सतत निगरानी एवं पर्यवेक्षण के लिए कुल 95 अधिकारियों को जिला स्तरीय जोनल अधिकारी नियुक्त किया है।

 

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग मंत्रालय, नवा रायपुर के निर्देशानुसार जारी आदेश में सारंगढ़, बरमकेला एवं बिलाईगढ़ क्षेत्र के विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है। इसमें अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, कृषि अधिकारी, खाद्य निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नियुक्त जोनल अधिकारी अपने-अपने आवंटित धान उपार्जन केंद्रों की नियमित निगरानी करेंगे तथा खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता, घटतौली एवं अव्यवस्था की स्थिति पर नजर रखेंगे। इसके साथ ही धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित कराने में आवश्यक समन्वय भी करेंगे।

कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि प्रत्येक शनिवार को संबंधित अधिकारी अपने आवंटित धान उपार्जन केंद्र का अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन करेंगे तथा सत्यापन प्रतिवेदन कलेक्टर (खाद्य शाखा) कार्यालय में जमा करेंगे। वहीं, किसी अधिकारी का स्थानांतरण होने अथवा अन्य कारणों से पद रिक्त होने की स्थिति में उस पद पर पदस्थ अधिकारी की ड्यूटी स्वतः संबंधित धान उपार्जन केंद्र के लिए मानी जाएगी।

 

कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को निर्धारित जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। जारी आदेश तत्काल प्रभावशील हो गया है।

*प्रमुख जानकारी:*

कुल 95 अधिकारियों की लगाई गई ड्यूटी।

जिले के विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों की होगी निगरानी।

प्रत्येक शनिवार को अनिवार्य भौतिक सत्यापन।

सत्यापन रिपोर्ट कलेक्टर खाद्य शाखा में जमा करना अनिवार्य।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!