
*कुपोषित बच्चों के उपचार के लिए दो दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का होगा आयोजन*
*12 नवंबर को बरमकेला और 13 नवंबर को बिलाईगढ़ में लगेगा शिविर, विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित स्वास्थ्यकर्मियों की लगाई गई ड्यूटी*
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 5 नवंबर 2026। जिले में कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं एवं आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा दो दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार 12 नवंबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरमकेला तथा 13 नवंबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ में शिविर आयोजित किया जाएगा। दोनों शिविरों का समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है।
बरमकेला शिविर में इनकी रहेगी ड्यूटी

12 नवंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरमकेला में आयोजित शिविर के लिए डॉ. अमित पटेल, शिशु रोग विशेषज्ञ जिला चिकित्सालय सारंगढ़ तथा डॉ. नारायण राठौर, चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरमकेला की ड्यूटी लगाई गई है। इनके साथ एनआरसी में पदस्थ स्टाफ नर्स, श्रीमती सरला टंडन, फीडिंग डिमॉन्स्ट्रेटर जिला चिकित्सालय सारंगढ़ तथा श्री बालेश्वर महिलाने, वाहन चालक को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बिलाईगढ़ शिविर में इनकी रहेगी ड्यूटी

13 नवंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ में आयोजित शिविर के लिए डॉ. भारती पटेल, शिशु रोग विशेषज्ञ जिला चिकित्सालय सारंगढ़ तथा डॉ. लोकेश अजय, चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ की ड्यूटी लगाई गई है। इनके साथ एनआरसी में पदस्थ स्टाफ नर्स, श्रीमती सरला टंडन, फीडिंग डिमॉन्स्ट्रेटर जिला चिकित्सालय सारंगढ़ तथा श्री बालेश्वर महिलाने, वाहन चालक को जिम्मेदारी दी गई है।
शिविर में आने वाले बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए प्रोटीन पाउडर, मल्टीविटामिन सिरप, कैल्शियम सिरप सहित अन्य आवश्यक जीवनरक्षक औषधियों की व्यवस्था विकासखंड एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर शिविर में उपस्थित रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा शिविर का सफल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
