छत्तीसगढ़सारंगढ़

*त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की सघन जांच, मिठाइयों के 20 नमूने लिए*

*त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की सघन जांच, मिठाइयों के 20 नमूने लिए*

*30 कलाकंद मौके पर ही नष्ट कराए, मिलावट की आशंका पर विभाग की पैनी नजर*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 5 नवंबर 2026। आगामी त्योहारी सीजन में आम नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में मिठाई एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सारंगढ़, बिलाईगढ़ एवं बरमकेला विकासखंड के विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों में औचक जांच कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।

निरीक्षण के दौरान पेड़ा, काजू कतली, शक्करपारा, मोतीचूर लड्डू, मिक्सचर, गुलाब जामुन सहित विभिन्न प्रकार की मिठाइयों एवं दुग्ध उत्पादों के कुल 20 नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं, कार्रवाई के दौरान 30 कलाकंद को मौके पर ही नष्ट कराया गया, ताकि उनका विक्रय एवं उपभोग न हो सके। संग्रहित नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

साफ-सफाई और खाद्य गुणवत्ता बनाए रखने के दिए निर्देश

निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के उचित भंडारण, गुणवत्ता एवं वैध खाद्य लाइसेंस अथवा पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए विशेष निगरानी रखी जा रही है।

लैब रिपोर्ट के आधार पर होगी वैधानिक कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि संग्रहित नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन, मिलावट अथवा खाद्य पदार्थ असुरक्षित पाए जाने की स्थिति में संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इन अधिकारियों की रही मौजूदगी

इस निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान में अभिहित अधिकारी श्री भारत भूषण पटेल, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री नेमीचंद पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री वरुण पटेल एवं श्रीमती सुमन अग्रवाल शामिल रहे।

त्योहारी सीजन तक जारी रहेगा जांच अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले के सारंगढ़, बिलाईगढ़, बरमकेला सहित अन्य क्षेत्रों में भी लगातार निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान जारी रखने की बात कही गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान मिठाइयां एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उनकी गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता की जानकारी मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित करें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!