कोरबाछत्तीसगढ़

सेवा संकल्प अभियान: शैक्षणिक भ्रमण से छात्रों ने समझा पोषण का विज्ञान

सेवा संकल्प अभियान: शैक्षणिक भ्रमण से छात्रों ने समझा पोषण का विज्ञान

(छात्रों ने किया पोंडीबहार आंगनबाड़ी केंद्र एवं पोषण पुनर्वास केंद्र कोरबा का शैक्षणिक भ्रमण)

कोरबा- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पोषण माह सितम्बर 2026 के अवसर पर 29 सितम्बर को शासकीय इं. वि. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोरबा के गृह विज्ञान विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में विद्यार्थियों ने सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-3, पोंड़ीबहार तथा पोषण पुनर्वास केंद्र, स्वर्गीय बिसाहूदास महंत स्मृति चिकित्सालय, कोरबा का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस वर्ष अभियान की थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ रखी गई है, जिसका उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था विकास के प्रभावी केंद्र के रूप में सशक्त बनाते हुए समुदाय की सक्रिय भागीदारी एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना है। साथ ही संतुलित आहार ही स्वस्थ जीवन की बुनियाद के ध्येय को लेकर जागरूकता लायी जा रही है।

यह आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एल.एन. कंवर के संरक्षण एवं निर्देशन तथा गृह विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक अजय कुमार पटेल के नेतृत्व में संपन्न हुआ। भ्रमण में गृह विज्ञान के विद्यार्थी सुमन, किरन सागर, सुमित सिंह, माध्वी, मुस्कान, मधुसूदन, अंजलि चौरसिया, आदित्य कंवर एवं विक्की कुमार ने सक्रिय सहभागिता की।

सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-3 पोंड़ीबहार में कार्यकर्ता संगीता खेश एवं सहायिका श्यामा प्रजापति ने विद्यार्थियों को आंगनबाड़ी की विभिन्न गतिविधियों, बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, वृद्धि निगरानी, पूरक पोषण आहार तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं विकास संबंधी कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान प्रियांशु, नित्या, पल्लवी, सान्वी, आरोही, सूरज एवं मान्या सहित केंद्र के बच्चों की उपस्थिति रही। विद्यार्थियों ने बच्चों के साथ संवाद करते हुए आंगनबाड़ी की गतिविधियों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।

इसके पश्चात छात्रों ने पोषण पुनर्वास केंद्र, स्वर्गीय बिसाहूदास महंत स्मृति चिकित्सालय, कोरबा का भ्रमण किया। यहां मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. गोपाल सिंह कंवर, डॉ. किरण लहरे, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. पवन पटेल, फूड डेमोंस्ट्रेटर एवं नर्सिंग स्टॉफ ने विद्यार्थियों को कुपोषित बच्चों की देखभाल, पोषण उपचार, आहार प्रबंधन, फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास सेवाओं की जानकारी प्रदान की। विद्यार्थियों ने पोषण पुनर्वास की प्रक्रिया तथा चिकित्सकीय एवं आहार सेवाओं के समन्वय को समझा।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी मधु कंवर, कन्हैया सिंह कंवर एवं दीपक सिंह टेकाम का सहयोग एवं सहभागिता रही। शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों ने सैद्धांतिक ज्ञान को आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य संस्थानों में संचालित वास्तविक पोषण सेवाओं से जोड़ने का अनुभव प्राप्त किया। ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ की भावना को आत्मसात करते हुए यह पहल समुदाय, विद्यार्थियों एवं पोषण-स्वास्थ्य सेवाओं के बीच सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में सार्थक कदम रही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!