छत्तीसगढ़सारंगढ़

*गौरव पथ निर्माण की धीमी गति से नगरवासी परेशान, रोजाना लग रहा जाम*

*गौरव पथ निर्माण की धीमी गति से नगरवासी परेशान, रोजाना लग रहा जाम*

बिलाईगढ़। नगर पंचायत बिलाईगढ़ में गौरव पथ निर्माण कार्य की धीमी गति अब नगरवासियों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। लंबे समय से चल रहे निर्माण कार्य के अब तक पूरा नहीं होने से लोगों को प्रतिदिन आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगरवासियों को अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर गौरव पथ का निर्माण कार्य कब तक पूरा होगा और उन्हें कब तक बेहतर एवं सुगम सड़क की सुविधा मिल पाएगी।

निर्माण कार्य की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि काम काफी सुस्त गति से चल रहा है। वहीं, निर्माण स्थल पर सड़क निर्माण की जानकारी देने वाला सूचना बोर्ड भी कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। ऐसे में लोगों को यह जानकारी नहीं मिल पा रही है कि सड़क का निर्माण कहां से कहां तक किया जाना है और कार्य पूर्ण होने की निर्धारित समय-सीमा क्या है।

गौरतलब है कि बारिश के दौरान भी नगरवासियों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। बारिश थमने के बाद निर्माण कार्य दोबारा शुरू तो किया गया, लेकिन इसकी गति में अपेक्षित तेजी नजर नहीं आ रही है। सड़क के कुछ हिस्सों में निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि बीच में डीवाडर के लिए छोड़ी गई जगह में रोज गाड़ी फंस जा रहे है। निकाने के दौरान गाड़ियों की लंबी लाइन लग जाती है। आसपास से लोगों को आवागमन करने में काफी दिक्कत हो रही है।

नगर में ग्रामीणों एवं नगरवासियों की लगातार आवाजाही बनी रहती है। सड़क निर्माण के चलते मार्ग संकरा होने से आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, सड़क निर्माण के दौरान उड़ने वाली धूल से आसपास के दुकानदारों, रहवासियों और राहगीरों को भी परेशानी हो रही है। लोगों में धूल के कारण खांसी, दमा एवं अन्य श्वसन संबंधी समस्याओं की आशंका जताई जा रही है।

नगरवासियों का कहना है कि विकास कार्य होना अच्छी बात है, लेकिन निर्माण कार्य समय-सीमा में और व्यवस्थित तरीके से पूरा होना भी जरूरी है। लोगों ने संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों से गौरव पथ निर्माण कार्य में तेजी लाने, आवागमन की समुचित व्यवस्था करने तथा निर्माण स्थल पर सूचना बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि नगरवासियों को जल्द से जल्द सुगम और व्यवस्थित सड़क की सुविधा मिल सके।

इस संबंध में नगर पंचायत बिलाईगढ़ के इंजीनियर रोहित रंजन एवम सीएमओ मुजफ्फर खान से संपर्क किया गया उन्होंने मोबाइल रिसीव नहीं किया ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!