
फोटोयुक्त मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू, 11 दिसंबर तक दर्ज करा सकते हैं दावा-आपत्ति
1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर होगा पुनरीक्षण; 4 जनवरी को प्रकाशित होगी अंतिम सूची
जिले में 5 लाख 44 हजार 56 मतदाता, नए नाम और संशोधन के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 12 नवंबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में जिले में फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 12 नवंबर को किया गया है। नागरिक 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती पद्मिनी भोई साहू की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम, मतदाता सूची और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

जिले के दो विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 778 मतदान केंद्रों के अंतर्गत 5 लाख 44 हजार 56 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 2 लाख 73 हजार 715 पुरुष, 2 लाख 70 हजार 337 महिला और चार तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विधानसभा क्षेत्रवार मतदाता सूचियों की हार्ड कॉपी और फोटोरहित सॉफ्ट कॉपी (इमेज पीडीएफ) उपलब्ध कराई गई तथा पावती प्राप्त की गई। उन्हें मतदान केंद्रवार मतदाता सूची ऑनलाइन प्राप्त करने की प्रक्रिया भी बताई गई।

पुनरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। जिन नागरिकों की आयु 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही वर्ष 2027 की आगामी अर्हता तिथियों—1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन जमा कर सकते हैं। मतदाता सूची में नया नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के लिए फॉर्म-6ए, नाम हटाने या आपत्ति दर्ज करने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम-संशोधन, निवास स्थानांतरण और मतदाता फोटो पहचान पत्र (ई-ईपीआईसी) में बदलाव के लिए फॉर्म-8 निर्धारित है।
नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के वोटर सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in अथवा ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। मतदाता पंजीकरण के बाद ई-ईपीआईसी भी डाउनलोड किया जा सकता है। इसके लिए पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस से लिंक भेजा जाता है। पहले से पंजीकृत मतदाता भी ऐप या पोर्टल के माध्यम से अपना डिजिटल मतदाता पहचान पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। मतदाताओं तक ई-ईपीआईसी की भौतिक प्रति स्पीड पोस्ट अथवा बूथ लेवल अधिकारी के माध्यम से पहुंचाई जाएगी। ECINET ऐप के ‘बुक कॉल विद बीएलओ’ विकल्प से बूथ लेवल अधिकारी को कॉल अनुरोध भेजकर संपर्क भी किया जा सकता है।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की संख्या 1,200 से अधिक नहीं रखने और मतदान केंद्र को मतदाताओं के निवास से दो किलोमीटर के दायरे में, भूतल पर स्थित रखने की व्यवस्था की गई है। वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं, तृतीय लिंग और कमजोर वर्गों के पंजीकरण में सहायता के लिए विशेष शिविर तथा जिला एवं विधानसभा क्षेत्र स्तर पर सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। अभियान के लिए जिले में 702 बूथ लेवल अधिकारी, 702 अभिहित अधिकारी और 70 सुपरवाइजर की जानकारी भी साझा की गई।
निर्वाचक नामावली में नाम नहीं होने पर पात्र नागरिकों से पुनरीक्षण अवधि में आवेदन करने की अपील की गई है। विस्तृत जानकारी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ की वेबसाइट ceochhattisgarh.nic.in, जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट और जिले के सोशल मीडिया माध्यमों पर उपलब्ध है। मतदाता पंजीकरण से संबंधित सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के निर्णय से असंतुष्ट नागरिक लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24(क) के तहत जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष अपील कर सकते हैं। प्रथम अपीलीय प्राधिकारी के निर्णय के विरुद्ध धारा 24(ख) के तहत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष दूसरी अपील का प्रावधान है। पुनरीक्षण की सभी कार्यवाहियां लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 तथा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार की जाएंगी।
बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चंद्रकांत कौशिक, निर्वाचक पर्यवेक्षक श्री हरिकिशन उसेंना, सहायक निर्वाचन पर्यवेक्षक श्री अविनाश सिदार, प्रभारी सहायक प्रोग्रामर श्री कुंज बिहारी गहरे सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

