छत्तीसगढ़सारंगढ़

दीपावली पर कलेक्ट्रेट में सजे बिहान दीदियों के स्वनिर्मित उत्पादों के स्टॉल

दीपावली पर कलेक्ट्रेट में सजे बिहान दीदियों के स्वनिर्मित उत्पादों के स्टॉल

कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और जिला पंचायत सीईओ ने खरीदारी कर बढ़ाया महिला समूहों का उत्साह

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 27 अक्टूबर 2026। दीपावली पर्व के अवसर पर स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों के स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में बिहान से जुड़ी महिलाओं ने अपने स्वनिर्मित उत्पादों के स्टॉल लगाए। मिट्टी के दीपक, मिठाइयों, पूजा सामग्री, सजावटी सामान और बांस से बने घरेलू उपयोग की वस्तुओं से सजे ये स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारियों ने स्टॉलों से खरीदारी कर महिलाओं का उत्साह बढ़ाया।

कलेक्टर श्रीमती साहू ने महिला समूहों के स्टॉलों का अवलोकन कर उनके उत्पादों और कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने उत्पादों की खरीदारी करते हुए अधिकारियों और आम नागरिकों से दीपावली सहित अन्य अवसरों पर बिहान की दीदियों द्वारा तैयार वस्तुओं को प्राथमिकता देने की अपील की, ताकि महिला समूहों को अपने उत्पादों के लिए बाजार मिले और उनकी आजीविका को मजबूती मिले।

कलेक्ट्रेट परिसर में रोशनी संकुल संगठन की महिलाओं ने मिट्टी के दीपक, पेड़ा, शुद्ध देशी गाय के घी से बने उत्पाद, झालर और पर्दे प्रदर्शित किए। साथी आजीविका केंद्र के स्टॉल पर अचार, पूजा थाली, गिफ्ट टोकरी, दीपक, झालर, साबुन और हाथ से तैयार रुई की बातियां उपलब्ध रहीं। पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने महिलाओं से मिठाई, दीपक और बातियों की खरीदारी की। जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी और अन्य अधिकारियों ने भी समूहों के उत्पाद खरीदे।

भाटाकोना के तुलसी समूह ने बांस से हस्तनिर्मित झाड़ू, टोकरी, सूपा, पर्री सहित घरेलू उपयोग की पारंपरिक वस्तुओं का स्टॉल लगाया। इन उत्पादों में स्थानीय संसाधनों के उपयोग और महिलाओं की कारीगरी की झलक देखने को मिली। आयोजन से महिला समूहों को दीपावली के अवसर पर अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर मिला।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!