छत्तीसगढ़सारंगढ़

‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप से धान खरीदी होगी सरल और पारदर्शी

‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप से धान खरीदी होगी सरल और पारदर्शी

किसान घर बैठे ले सकेंगे टोकन, रकबे के अनुसार टोकन की संख्या तय

टोकन नियमों का पालन सुनिश्चित करने अधिकारियों को कलेक्टर के निर्देश

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 12 नवंबर 2026। राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया को सहज, सरल और पारदर्शी बनाने के लिए ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप की शुरुआत की गई है। ऐप के माध्यम से किसान धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे। शासन ने टोकन जारी करने, खरीदी की मात्रा तय करने और खरीदी की तारीख चुनने के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने संबंधित अधिकारियों को इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने तथा किसानों को ऐप और टोकन प्रक्रिया की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।

Oplus_131072

शासन के निर्देशों के अनुसार किसान के पंजीकृत रकबे के आधार पर टोकन की अधिकतम संख्या तय की गई है। दो एकड़ तक रकबा रखने वाले सीमांत किसानों को अधिकतम एक टोकन, दो एकड़ से अधिक और दस एकड़ तक रकबा रखने वाले लघु किसानों को अधिकतम दो टोकन तथा दस एकड़ से अधिक रकबा रखने वाले किसानों को अधिकतम तीन टोकन जारी किए जा सकेंगे। किसान को जारी सभी टोकनों में दर्ज धान की कुल मात्रा उसकी पात्र खरीदी मात्रा के बराबर या उससे कम होना अनिवार्य है। टोकन में धान की मात्रा दर्ज करते समय प्रति बोरा अनुमानित 0.40 क्विंटल के मान से प्रविष्टि करना भी जरूरी होगा।

Oplus_131072

‘तुंहर टोकन’ ऐप के माध्यम से सोमवार से शुक्रवार तक 24 घंटे टोकन बनाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। टोकन में धान तौल की तारीख उसी दिन की नहीं रखी जा सकेगी। शनिवार, रविवार और घोषित शासकीय अवकाश के दिन तौल की तारीख चुनने की अनुमति नहीं होगी। किसान का बैंक खाता सत्यापित होना जरूरी है; असत्यापित बैंक खाते वाले किसान को टोकन जारी नहीं किया जाएगा। एक किसान के नाम पर एक ही दिन में दो से अधिक टोकन जारी नहीं किए जा सकेंगे।

पहले जारी टोकन में संशोधन या उसे निरस्त करने की कार्रवाई संबंधित समिति के माध्यम से की जाएगी। निरस्त टोकन को छोड़कर शेष टोकनों में दर्ज धान की मात्रा के आधार पर खरीदी की पात्र मात्रा की गणना होगी। टोकन के लिए आवेदन खरीदी अवधि के दौरान किया जा सकेगा और टोकन जारी करने की सुविधा धान खरीदी के अंतिम दिन तक उपलब्ध रहेगी।

कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को टोकन व्यवस्था की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाए और केंद्रों पर निर्धारित प्रक्रिया का पालन कराया जाए। धान खरीदी में छोटे किसानों को प्राथमिकता देने, पात्र किसानों को सुविधा प्रदान करने और प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए। जिले में धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी। किसानों से अपील की गई है कि वे टोकन बनाते समय अपने पंजीकृत रकबे, बैंक खाते और खरीदी के लिए उपलब्ध मात्रा से संबंधित जानकारी का ध्यान रखें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!