छत्तीसगढ़सारंगढ़

निर्माण कार्यों में 15 दिनों के भीतर अपेक्षित प्रगति लाएं, लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही : सीईओ जिला पंचायत

निर्माण कार्यों में 15 दिनों के भीतर अपेक्षित प्रगति लाएं, लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही : सीईओ जिला पंचायत

तकनीकी सहायक प्रत्येक आवास हितग्राही से संपर्क कर निर्माण कार्य में तेजी लाएं

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 4 नवंबर 2026। केंद्र और राज्य शासन की प्राथमिकता वाली पंचायत एवं ग्रामीण विकास योजनाओं का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी ने जिला पंचायत सभागार में निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित विभिन्न मदों और योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की भौतिक प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

सीईओ जिला पंचायत श्री तिवारी ने निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों और मैदानी अमले को आगामी 15 दिनों के भीतर सभी मदों एवं योजनाओं के कार्यों में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समय-सीमा में अपेक्षित प्रगति नहीं दिखने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कार्यों की नियमित निगरानी करने, मैदानी स्तर पर समन्वय बढ़ाने और निर्माण की गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्णता सुनिश्चित करने को कहा।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए श्री तिवारी ने तकनीकी सहायकों को निर्देशित किया कि वे केवल कागजी प्रगति तक सीमित न रहें, बल्कि निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करें। प्रत्येक हितग्राही से व्यक्तिगत संपर्क कर आवास निर्माण की स्थिति जानें, काम में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को समझें और उनके समाधान के लिए संबंधित अमले से समन्वय करें। उन्होंने हितग्राहियों को प्रेरित कर आवास निर्माण शीघ्र पूरा कराने तथा प्रगति की नियमित जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिले के सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी, आवास योजना के प्रभारी अधिकारी और सहायक परियोजना अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, उप अभियंता, विकासखंड आवास समन्वयक तथा तकनीकी सहायक उपस्थित रहे। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ स्वीकृत निर्माण कार्यों को गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

 

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!