छत्तीसगढ़सारंगढ़

सेवा संकल्प अभियान में वरिष्ठ नागरिकों को मिली डिजिटल साक्षरता और साइबर सुरक्षा की जानकारी

*सेवा संकल्प अभियान में वरिष्ठ नागरिकों को मिली डिजिटल साक्षरता और साइबर सुरक्षा की जानकारी*

*हाई स्कूल हरदी में समाज कल्याण और पुलिस विभाग का संयुक्त आयोजन, साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय*

*अनजान व्यक्ति से ओटीपी और बैंक खाते की जानकारी साझा नहीं करने की अपील, वरिष्ठ नागरिकों का हुआ सम्मान*

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 30 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को हाई स्कूल हरदी में समाज कल्याण विभाग एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक एवं वृद्धजन शामिल हुए। डिजिटल माध्यमों के प्रति सहजता और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम स्थल पर सेल्फी स्टैंड भी बनाया गया, जहां वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक तस्वीरें लीं।

कार्यक्रम में पुलिस विभाग ने वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के बदलते तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे सतर्क रहने की अपील की। एसडीओपी गोविन्द सिंह दीवाना ने बताया कि साइबर ठग कई बार बैंक अधिकारी अथवा अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि बनकर फोन करते हैं और ओटीपी सहित बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर ठगी का प्रयास करते हैं। उन्होंने विशेष रूप से पेंशनधारी वरिष्ठ नागरिकों को सचेत करते हुए कहा कि पेंशन, बैंक खाता अथवा अन्य वित्तीय कार्यों के नाम पर मांगा गया ओटीपी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।

पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने कहा कि साइबर अपराधी मोबाइल फोन और ऑनलाइन माध्यमों से अलग-अलग तरीके अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी समूह अथवा गैर-सरकारी संस्था के नाम पर ऋण दिलाने, अधिक लाभ देने या अन्य आर्थिक प्रलोभन देकर धोखाधड़ी के मामले सामने आते हैं। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से अनजान कॉल एवं संदेशों पर भरोसा नहीं करने, किसी प्रकार के आर्थिक प्रलोभन में नहीं आने और संदेह होने पर परिवार के सदस्य, बैंक अथवा पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी।

भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारी श्री राजपूत ने बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि जागरूकता की कमी, भय और लालच का फायदा उठाकर साइबर अपराधी ठगी करते हैं। उन्होंने बैंक खाता, ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा मोबाइल पर प्राप्त संदिग्ध लिंक को नहीं खोलने की सलाह दी। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। साथ ही बैंक खाते को आधार से जोड़कर रखने तथा केवाईसी से संबंधित कार्य बैंक अथवा अधिकृत सामान्य सेवा केंद्र के माध्यम से ही कराने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और उनके सामाजिक योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय, श्री ज्योति पटेल, श्री प्रकाश अग्रवाल, श्री मनोज पटेल, श्री सतीश शर्मा, श्री रत्नेश, श्री हितेश अजगल्ले, श्री भुवन लाल मिश्रा, समाज कल्याण विभाग के श्री विनय तिवारी, ग्राम पंचायत के सरपंच सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित थे।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!