
मौली माता चौक में छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय डांस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, देर रात तक झूमे दर्शक
प्रदेश के कोने-कोने से आए कलाकारों ने दिखाया हुनर, समूह नृत्य में पिथौरा हार्दी का चिन्ह गांव अव्वल

भटगांव :- नगर भटगांव के मौली माता चौक में छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय डांस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। देर रात्रि तक चले इस रंगारंग कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के कोने-कोने से आए डांसरों ने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। पूरा मौली माता चौक रोशनी और संगीत से सराबोर रहा। बड़ी संख्या में नगरवासियों ने कार्यक्रम का आनंद लिया। वहीं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व पार्षद एवं महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष नवीन वैष्णव रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रदीप देवांगन, पार्षद प्रवेश दुबे, लीलाधर वैष्णव, महादेवा यादव, रामकुमार सिदार, गणेश यादव, देवेंद्र यादव, संतोष बघेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष विक्रम कुर्रे ने की।

समूह, युगल और एकल नृत्य में दिखा दम

प्रतियोगिता को तीन वर्गों में बांटा गया था – समूह नृत्य, युगल नृत्य और एकल नृत्य। जहां समूह नृत्य में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इसमें प्रथम पुरस्कार हार्दी के चिन्ह गांव पिथौरा (हार्दी) के दल ने जीता। उनके छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य ने सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। द्वितीय स्थान पर प्रतिमा डांस ग्रुप दुर्ग-भिलाई रहा, जबकि तृतीय पुरस्कार भोला डांस ग्रुप रायगढ़ ने प्राप्त किया। वहीं युगल नृत्य में प्रथम स्थान जय छत्तीसगढ़ पामगढ़ की जोड़ी ने हासिल किया। द्वितीय स्थान पर जान और जानू की जोड़ी रही, जबकि तृतीय स्थान मानसी और वर्षा ने प्राप्त किया। दोनों जोड़ियों ने बॉलीवुड और छत्तीसगढ़ी गानों पर शानदार तालमेल दिखाया। एकल नृत्य में सबसे ज्यादा रोमांच देखने को मिला। एकल नृत्य में प्रथम सोनम खरसिया रही, जिनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। द्वितीय स्थान चंचल मानिकपुरी जेवरा डीह ने और तृतीय स्थान सेजल महासमुंद ने प्राप्त किया। जहां विजेताओं को अतिथियों द्वारा नगद राशि, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि नवीन वैष्णव ने कहा – मंच से ही निकलते हैं बड़े कलाकार

वहीं मुख्य अतिथि नवीन वैष्णव ने अपने वक्तव्य में कहा कि भटगांव जैसे छोटे नगर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा आज का यह मंच छोटे कलाकारों के लिए बहुत बड़ा अवसर है। बड़े-बड़े कलाकार भी ऐसे ही छोटे मंचों से निकलकर आगे बढ़े हैं। छत्तीसगढ़ में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें मंच देने की। आयोजकों ने बहुत सराहनीय कार्य किया है। मैं सभी विजेता और प्रतिभागी कलाकारों को बधाई देती हूं।”

प्रदीप देवांगन ने कहा – युवाओं को मिल रहा है सही दिशा

नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रदीप देवांगन ने कहा आज के समय में युवा मोबाइल और नशे की ओर जा रहे हैं, ऐसे में डांस और कला जैसे कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा देते हैं। भटगांव नगर पंचायत हमेशा ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों का समर्थन करती है। मैं सभी कलाकारों का भटगांव की धरती पर स्वागत करता हूं। जिन्होंने भी भाग लिया, वे सभी विजेता हैं।”

प्रवेश दुबे ने की आयोजकों की सराहना

पार्षद प्रवेश दुबे ने कहा कि मौली माता चौक में इस तरह का आयोजन पहली बार हुआ है और यह बेहद सफल रहा। उन्होंने कहा, “रात 12 बजे तक भी दर्शकों की भीड़ कम नहीं हुई, इससे पता चलता है कि नगर में कला के प्रति कितना प्रेम है। मैं सभी आयोजकों और विशेषकर मौली माता चौक के युवाओं को बधाई देता हूं जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर इस कार्यक्रम को सफल बनाया।”
अध्यक्ष विक्रम कुर्रे ने दिया धन्यवाद
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर पंचायत अध्यक्ष विक्रम कुर्रे ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि नगर पंचायत भटगांव कला और कलाकारों का सम्मान करती है। उन्होंने कहा मौली माता चौक के युवाओं ने जो आयोजन किया है, वह काबिले तारीफ है। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से आए कलाकारों ने भटगांव को अपनी कला से समृद्ध किया है। नगर पंचायत की ओर से मैं सभी अतिथियों, कलाकारों और दर्शकों का आभार व्यक्त करता हूं। भविष्य में भी हम ऐसे आयोजनों में पूरा सहयोग देंगे। उन्होंने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि हार-जीत तो लगी रहती है, महत्वपूर्ण है भाग लेना और अपनी कला दिखाना। वहीं देर रात तक चले इस कार्यक्रम में पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल रहा। साउंड, लाइट और स्टेज की व्यवस्था भी शानदार रही। आयोजक समिति ने सभी का आभार व्यक्त किया।
वहीं कार्यक्रम के दौरान भटगांव के पत्रकार साथियो मे धर्मेंद्र साहू, के. पी. पटेल, रामदुलार साहू एवं योगेश केशरवानी उपस्थित रहे जहाँ प्रज्ञा इंस्टिट्यूट के डायरेक्टर, भटगांव पत्रकार दशहरा समिति के अध्यक्ष व पत्रकार के. पी. पटेल ने डांस के मनमोहक प्रस्तुति पर नगद पुरुष्कार देकर उन्हें मोटिवेट किया.

इस डांस प्रतियोगिता के सफल आयोजन मे समिति के सभी सदस्यों एवं मोहल्लेवासियों का भरपूर सहयोग रहा जो लगभग 1-2 महीनों से लक्ष्मी पूजा एवं इस कार्यक्रम की तैयारी मे लगे रहे.