छत्तीसगढ़रायपुर

बच्चों ने रंगों और शब्दों में उकेरा ‘विकसित भारत’ का सपना

रायपुर : बच्चों ने रंगों और शब्दों में उकेरा ‘विकसित भारत’ का सपना

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

रायपुर, 04 अक्टूबर 2026

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जीपीएम जिले में  ‘विकसित भारत की कल्पना एवं 25 वर्षों के सेवा कार्य’ विषय पर जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) पेंड्रा के सभाकक्ष में किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय, संकुल एवं विकासखंड स्तर पर चयनित प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और विचार क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। चित्रकला प्रतियोगिता में 30 तथा भाषण प्रतियोगिता में 31 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री विजय दयाराम के., जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष श्री राकेश जालान सहित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उपस्थित होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रिंसी केवट और प्रिंसी गुर्जर के ओजस्वी भाषण ने किया प्रभावित

भाषण प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने विकसित, आत्मनिर्भर और आधुनिक भारत को लेकर अपनी कल्पनाओं एवं विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्राथमिक शाला बंधी, विकासखंड गौरेला की कक्षा पांचवीं की छात्रा कुमारी प्रिंसी केवट ने ‘डिजिटल इंडिया’ विषय पर आत्मविश्वास के साथ अपने विचार रखे। वहीं माध्यमिक शाला कोटखर्रा, विकासखंड मरवाही की कक्षा सातवीं की छात्रा कुमारी प्रिंसी गुर्जर ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर प्रभावशाली भाषण दिया। दोनों छात्राओं की आत्मविश्वासपूर्ण एवं ओजस्वी प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों और श्रोताओं को विशेष रूप से प्रभावित किया।

चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता का परिचय देते हुए रंगों के माध्यम से विकसित भारत की अपनी परिकल्पना को कागज पर उकेरा। बच्चों की चित्रकारी में विकास, तकनीक, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की कल्पनाएं देखने को मिलीं।

कलेक्टर ने बच्चों से किया आत्मीय संवाद, साझा किए छात्र जीवन के अनुभव

कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा किए और उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने बच्चों को व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, प्रभावी संवाद और बॉडी लैंग्वेज से जुड़े उपयोगी टिप्स दिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने, अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे लगातार निखारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखना सीखें और जीवन में मिलने वाले प्रत्येक अवसर का उपयोग कुछ नया सीखने के लिए करें। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य और सफलता की शुभकामनाएं दीं।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि 17 सितंबर से संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में जनसेवा एवं जनभागीदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे, वरिष्ठ नागरिक श्री लालजी यादव, श्री राकेश चतुर्वेदी, श्री अरुण तिवारी, श्री अजय राय, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रजनीश तिवारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!