छत्तीसगढ़सारंगढ़

कलेक्टर जनदर्शन में ग्रामीणों ने रखी अपनी समस्याएं, कलेक्टर ने सुनीं शिकायतें, मांग और समस्याएं

कलेक्टर जनदर्शन में ग्रामीणों ने रखी अपनी समस्याएं, कलेक्टर ने सुनीं शिकायतें, मांग और समस्याएं

मुक्तिधाम, मनरेगा मजदूरी, किसान सम्मान निधि, आवास राशि, पेंशन, राशन और राजस्व मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त

सारंगढ़ बिलाईगढ़, कलेक्टर जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं, शिकायतें और मांगें कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने आवेदकों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं की जानकारी ली और हालचाल भी जाना। उन्होंने प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर जनदर्शन में पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने भी अपने विभाग से संबंधित आवेदनों को देखा और आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सभी आवेदकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की जांच कर पात्रता एवं नियमों के अनुरूप त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण में संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ कार्य करने तथा आवेदकों को नियमानुसार कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में ग्राम पंचायत किसड़ा के आश्रित ग्राम कोठीखोल में मुक्तिधाम निर्माण की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया गया। आवेदक ने बताया कि कोठीखोल में करीब 80 परिवार निवासरत हैं और ग्राम में अब तक मुक्तिधाम की सुविधा उपलब्ध नहीं है। पंचायत मुख्यालय से कोठीखोल की दूरी लगभग 7 से 8 किलोमीटर होने के कारण ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। आवेदक ने मनरेगा के अंतर्गत मुक्तिधाम निर्माण स्वीकृत करने का आग्रह किया।

इसी तरह ग्राम सराईपाली के आश्रित ग्राम सुंदरगढ़ में मनरेगा कार्य के दौरान मस्टर रोल में कथित अनियमितता और मजदूरी भुगतान में भेदभाव की शिकायत भी जनदर्शन में की गई। आवेदक ने कुछ ऐसे लोगों के नाम से भुगतान किए जाने का आरोप लगाया, जिन्होंने कार्य नहीं किया, जबकि कार्य करने वाले कुछ श्रमिकों को पूर्ण भुगतान नहीं मिलने की बात कही। मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई।

जनदर्शन में भूमि संबंधी विवादों और राजस्व प्रकरणों से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए। ग्राम कचौदा के एक आवेदक ने पैतृक भूमि के बंटवारे एवं अलग-अलग ऋण पुस्तिका प्रदान किए जाने की मांग रखी। आवेदक ने बताया कि खसरा क्रमांक 338 में स्थित भूमि को लेकर पारिवारिक विवाद है और वह पूर्व में विभिन्न स्तरों पर आवेदन कर चुका है। इसी प्रकार शासकीय घास भूमि पर कथित अतिक्रमण हटाने, सीमांकन एवं जांच की मांग को लेकर ग्राम पीपरदला से भी आवेदन प्राप्त हुआ।

ग्रामीणों ने किसान सम्मान निधि की राशि लंबे समय से नहीं मिलने, कृषि भूमि के एग्रीस्टैक पंजीयन के लंबित रहने, वन अधिकार पट्टा संबंधी आवेदनों पर पुनर्विचार, दिव्यांग व्यक्ति को बैटरी चलित ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने तथा विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन की राशि दिलाने जैसी समस्याएं भी रखीं। राशन कार्ड में मृत्यु उपरांत नाम संशोधन तथा नया राशन कार्ड जारी होने के बावजूद खाद्यान्न नहीं मिलने की शिकायतें भी जनदर्शन में सामने आईं।

इसके अलावा कैंसर के उपचार के लिए आर्थिक सहायता, सड़क दुर्घटना में घायल बच्चे के उपचार हेतु शासन की दुर्घटना राहत सहायता योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता तथा प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृत राशि दूसरे हितग्राही के खाते में चले जाने संबंधी शिकायत भी प्राप्त हुई। आवेदक ने आवास निर्माण पूरा करने के बावजूद किस्त नहीं मिलने की जानकारी देते हुए राशि दिलाने का आग्रह किया।

जनदर्शन में इसके अलावा भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीणों द्वारा अनेक आवेदन प्रस्तुत किए गए।

जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी, एसडीएम उमेश साहू, एसडीएम बिलाईगढ़ ऋचा सिंह, डिप्टी कलेक्टर वर्षा बंसल सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!