छत्तीसगढ़भटगॉवसारंगढ़

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय अंगदान संकल्प कार्यक्रम आयोजित*

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय अंगदान संकल्प कार्यक्रम आयोजित*

पूर्व में देहदान का संकल्प लेने वाले तीन नागरिकों का हुआ सम्मान, दो लोगों ने अंगदान के लिए भरा नामांकन फॉर्म

छह नागरिकों ने देहदान के लिए जताई इच्छा, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने संकल्पित नागरिकों की पहल को सराहा

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 22 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को जिला अस्पताल सारंगढ़ के सभा कक्ष में जिला स्तरीय अंगदान संकल्प अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू शामिल हुईं। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि ज्योति पटेल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव सहित जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व में देहदान का संकल्प एवं पंजीयन कर चुके नागरिकों को कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं जनप्रतिनिधियों ने शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इनमें भटगांव निवासी रामलाल साहू एवं उनकी पत्नी नीरा साहू तथा धोबन, बिलाईगढ़ निवासी डॉ. निर्मला साहू शामिल हैं।

भटगांव निवासी रामलाल साहू ने बताया कि उनके परिवार में कुल छह सदस्यों ने देहदान का संकल्प लिया है। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभियान से समाज में जनसेवा, स्वास्थ्य एवं अंगदान-देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों से जुड़ने की प्रेरणा मिल रही है।

कार्यक्रम के दौरान सारंगढ़ निवासी नत्थू लाल केडिया एवं संतोषी जायसवाल ने अंगदान के लिए नामांकन फॉर्म भरा। वहीं संतोष कुमार थवाईत, जगतराम नायक, सत्यनारायण साहू, शिवकुमारी साहू, पुरुषोत्तम साहू और कुसुम लाल साहू ने देहदान के प्रति अपनी इच्छा व्यक्त की।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने अंगदान एवं देहदान का संकल्प लेने वाले नागरिकों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि अंगदान और देहदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण संकल्प है। इसके लिए आगे आने वाले सभी नागरिक बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग के साथ इतना महत्वपूर्ण निर्णय लेना समाज के लिए प्रेरणादायी है। ऐसे संकल्प अन्य लोगों को भी मानव सेवा के इस पुनीत कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने संकल्पित नागरिकों के साथ उनके परिवारजनों का भी आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव, जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल, डीपीएम दीपक, पार्षद एवं जनप्रतिनिधि, अमित तिवारी, डॉ. जे.एन. शुक्ला, प्रकाश अग्रवाल, हितेश अजगल्ले, दीपक थवाईत, रेडक्रॉस के सदस्य, जिला अस्पताल के चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ, सामाजिक कार्यकर्ता तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!