छत्तीसगढ़सारंगढ़

तेंदुए की मौत के मामले में वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

तेंदुए की मौत के मामले में वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

निर्दोषों को जेल भेजने का आरोप, पांच लोगों ने किया आत्मसमर्पण; कथित मारपीट से भड़के ग्रामीण, लगाए ‘रेंजर हटाओ’ के नारे

रेंजर माखनलाल बंजारे और डिप्टी रेंजर पर कार्रवाई की मांग, उच्चस्तरीय जांच की उठी आवाज

बिलाईगढ़। वन परिक्षेत्र बिलाईगढ़ अंतर्गत कक्ष क्रमांक 446 में 12 वर्षीय नर तेंदुए की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब गंभीर विवाद का रूप लेता जा रहा है। वन्यजीव की मौत की जांच से शुरू हुआ मामला अब वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों पर जांच में लापरवाही, निर्दोष लोगों को आरोपी बनाकर जेल भेजने तथा वास्तविक घटनाक्रम को दबाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 7 नवंबर 2026 को वन विभाग की गश्त के दौरान ग्राम गोंदली बांध के ऊपर झाड़ियों से घिरे एक छोटे से वन क्षेत्र में लगभग 12 वर्षीय नर तेंदुआ मृत अवस्था में पाया गया था। तेंदुए का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के बीच यह सवाल उठने लगा कि इतने छोटे वन क्षेत्र में तेंदुए की मौत कैसे हुई। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि तेंदुए का शिकार कहीं अन्य स्थान पर किया गया होगा और बाद में शव को साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से बांध के ऊपर झाड़ियों में फेंक दिया गया होगा।

Oplus_131072

घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग की जांच टीम मौके पर पहुंची। पशु चिकित्सकों की टीम ने तेंदुए का पोस्टमार्टम किया तथा नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद जांच में डॉग स्क्वायड की टीम को भी लगाया गया। जांच के दौरान घटनास्थल से दूर एक खेत में सब्बल मिलने की बात सामने आई। इसी आधार पर वन परिक्षेत्र अधिकारी माखनलाल बंजारे ने ग्राम गोंदली निवासी होरीलाल यादव एवं उनके भतीजे को पूछताछ के लिए बिलाईगढ़ वन कार्यालय बुलाया। पूछताछ के बाद दोनों को मुख्य आरोपी बनाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

गांव में बैठक के बाद पांच लोग पहुंचे आत्मसमर्पण करने

दो ग्रामीणों को जेल भेजे जाने की जानकारी मिलने के बाद ग्राम गोंदली में ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। ग्रामीणों के अनुसार, बैठक में घटना को अंजाम देने वाले बताए जा रहे पांच लोगों के सामने आने की बात कही गई। ग्रामीणों ने उनसे कहा कि यदि घटना में उनकी संलिप्तता है तो वे वन विभाग के समक्ष आत्मसमर्पण करें और निर्दोष लोगों को न्याय दिलाने में सहयोग करें।

इसी क्रम में दिनांक 12 नवंबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे पांचों व्यक्ति पूरे गांव के लोगों के साथ बिलाईगढ़ वन कार्यालय पहुंचे और आत्मसमर्पण करने की इच्छा जताई। ग्रामीणों का कहना था कि घटना में जिनकी वास्तविक भूमिका है, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए तथा पहले से जेल में बंद होरीलाल यादव और उनके भतीजे के मामले की निष्पक्ष समीक्षा कर उन्हें न्याय मिलना चाहिए।

कार्यालय में अधिकारी के नहीं मिलने से भड़का ग्रामीणों का गुस्सा

ग्रामीणों के आरोप के मुताबिक, जब वे वन कार्यालय पहुंचे तो रेंजर माखनलाल बंजारे भोजन अवकाश के लिए चले गए। इसी दौरान पत्रकारों की टीम भी कार्यालय पहुंच गई। ग्रामीणों का कहना है कि आत्मसमर्पण करने पहुंचे लोगों के मामले में तत्काल कार्रवाई नहीं होने से वहां मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और रेंजर हटाओ के नारे लगाए।

पत्रकारों के हस्तक्षेप के बाद कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हुई। हालांकि ग्रामीणों और पांचों व्यक्तियों की मांग थी कि यदि घटना उन्होंने की है तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और पहले से जेल में बंद दोनों व्यक्तियों के साथ न्याय किया जाए।

पूरी रात लात-घूंसों से मारपीट करने का गंभीर आरोप

इस पूरे घटनाक्रम में पांचों व्यक्तियों ने वन विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आत्मसमर्पण करने पहुंचने के बाद उन्हें पूरी रात वन कार्यालय में रोके रखा गया और लात-घूंसों से मारपीट की गई। ग्रामीणों ने पत्रकारों को बताया कि इसी कथित मारपीट के कारण उनका गुस्सा और बढ़ गया तथा उन्होंने रेंजर को हटाने की मांग करते हुए नारेबाजी की।

ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की जांच टीम अपनी शुरुआती जांच पर उठ रहे सवालों का जवाब देने के बजाय मामले को अपने तरीके से आगे बढ़ा रही है। ग्रामीणों की मांगों को अनसुना कर कार्रवाई किए जाने से पूरे गांव में नाराजगी व्याप्त है।

पत्रकारों को भी नहीं मिला संतोषजनक जवाब, रेंजर ने बातचीत से बनाई दूरी

मामले की वास्तविक स्थिति जानने के लिए पत्रकारों की टीम ने रेंजर माखनलाल बंजारे से कई बार बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन पत्रकारों के अनुसार रेंजर ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया और बातचीत करने से परहेज किया। पत्रकारों का कहना है कि अब तक उन्हें भी पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें लगातार यह आश्वासन दिया जाता रहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होगा, लेकिन जमीनी स्तर पर कार्रवाई को लेकर पारदर्शिता दिखाई नहीं दे रही है। ऐसे में वन विभाग की जांच और कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

रेंजर और डिप्टी रेंजर को हटाने, उच्चस्तरीय जांच की मांग

ग्राम गोंदली के ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों की मांग है कि तेंदुए की मौत, शुरुआती जांच, दो व्यक्तियों को जेल भेजे जाने, पांच लोगों के कथित आत्मसमर्पण तथा वन कार्यालय में हुई कथित मारपीट के प्रत्येक पहलू की जांच कराई जाए।

ग्रामीणों ने रेंजर माखनलाल बंजारे एवं डिप्टी रेंजर को तत्काल पद से हटाने, जांच में दोषी पाए जाने पर बर्खास्त करने तथा उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न हो।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या वन विभाग के उच्चाधिकारी इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराएंगे? क्या जेल में बंद दोनों व्यक्तियों की भूमिका की दोबारा समीक्षा होगी? क्या पांचों व्यक्तियों द्वारा लगाए गए मारपीट के आरोपों की जांच होगी? और क्या पत्रकारों को पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी?

वन्यजीव संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने वाले विभाग की कार्यवाही स्वयं सवालों के घेरे में आना गंभीर विषय है। अब ग्रामीणों के साथ-साथ क्षेत्रवासियों की निगाहें वन विभाग के उच्च अधिकारियों एवं जिला प्रशासन पर टिकी हुई हैं। सभी की मांग है कि मामले का निष्पक्ष खुलासा हो, वास्तविक दोषियों पर कार्रवाई हो और निर्दोषों को न्याय मिले।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!