
सरदार पटेल जयंती पर मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, युवाओं ने लिया एकता का संकल्प
भटगांव। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को ऑर्बिट कंप्यूटर संस्थान, भटगांव में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

आयोजक – मेरा युवा भारत (MY Bharat), सारंगढ़-बिलाईगढ़, छत्तीसगढ़।
नेशनल यूथ वॉलंटियर – पुष्पेंद्र कुमार चंद्रा।

संस्थान के डायरेक्टर उमेश केवट की अनुमति एवं सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाजसेवी सूर्यकांत चंद्रा तथा विशिष्ट अतिथि शासकीय कन्या शाला, भटगांव के शिक्षक राकेश जांगड़े उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि सूर्यकांत चंद्रा ने कहा कि लौह पुरुष या सरदार जैसी उपाधि यूं ही नहीं मिलती, इसके पीछे कठिन परिश्रम, ईमानदारी, लगन और दृढ़ संकल्प होता है। वहीं विशिष्ट अतिथि राकेश जांगड़े ने सरदार पटेल के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान तथा देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री के रूप में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर संस्थान के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों एवं उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। साथ ही अतिथियों एवं शिक्षकगण को स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में एक विशेष गतिविधि भी आयोजित की गई, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि सूर्यकांत चंद्रा ने भारत के विभिन्न राज्यों की भाषाओं के माध्यम से ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को समझाने के लिए प्रतिभागियों को अलग-अलग राज्यों की भाषा में इस वाक्य को बोलने के लिए प्रेरित किया। छात्र-छात्राओं ने पंजाबी सहित विभिन्न भारतीय भाषाओं में इसे प्रस्तुत किया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह और आनंद का माहौल बना तथा युवाओं को देश की भाषाई विविधता में एकता का संदेश मिला।

कार्यक्रम के संचालक एवं नेशनल वॉलंटियर पुष्पेंद्र कुमार चंद्रा ने अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रसिद्ध कविता की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा—
“भारत कोई भूमि का टुकड़ा नहीं, जीता-जागता राष्ट्रपुरुष है।”
उन्होंने कहा कि भारत केवल भौगोलिक सीमाओं से बना देश नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, सभ्यता, एकता और करोड़ों देशवासियों की भावनाओं का प्रतीक है। सरदार पटेल ने देशी रियासतों का एकीकरण कर इस एकता को मजबूत आधार दिया। आज युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे आपसी भाईचारे और सद्भाव को बनाए रखते हुए राष्ट्र की एकता एवं अखंडता की रक्षा करें।
अंत में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ लेकर देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने तथा आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। आयोजक पुष्पेंद्र कुमार चंद्रा ने सभी अतिथियों, डायरेक्टर, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।



