छत्तीसगढ़

राज्य स्तरीय रोजगार मेले में शामिल होने 8 अक्टूबर को सारंगढ़ से रवाना होगी बस*

*राज्य स्तरीय रोजगार मेले में शामिल होने 8 अक्टूबर को सारंगढ़ से रवाना होगी बस*

*जिला प्रशासन ने युवाओं के लिए की बस की व्यवस्था, कलेक्टर ने अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की*

*13 हजार पदों पर भर्ती का अवसर, जिले के 528 युवाओं ने कराया पंजीयन*

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 06 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार मेले में जिले के युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सारंगढ़–बिलाईगढ़ द्वारा बस की व्यवस्था की गई है। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए बस 8 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे कलेक्टर परिसर सारंगढ़ से रायपुर के लिए रवाना होगी।

राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन 7 एवं 8 अक्टूबर 2026 को सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा रायपुर में किया जा रहा है। मेले के माध्यम से निजी क्षेत्र के विभिन्न संस्थानों में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 13 हजार पदों पर भर्ती प्रस्तावित है।

रोजगार मेले में तकनीकी एवं औद्योगिक क्षेत्र में सेल्स एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, वेल्डर, ऑपरेटर, टेक्नीशियन एवं अप्रेंटिस के साथ सुरक्षा एवं हाउसकीपिंग क्षेत्र में सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर एवं हाउसकीपिंग सहित विभिन्न पदों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। इसके अलावा कृषि एवं कृषि व्यवसाय, बैंकिंग एवं वित्त, स्वास्थ्य एवं देखभाल, लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउस, रिटेल, स्टोर, कार्यालयीन कार्य एवं मानव संसाधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इन पदों के लिए योग्यता 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक एवं पदानुसार अन्य योग्यताएं निर्धारित की गई हैं।

जिले के 528 युवाओं का हुआ पंजीयन

जिला रोजगार कार्यालय से पंजीकृत ऐसे युवा, जिनका राज्य स्तरीय रोजगार मेले के लिए पंजीयन नहीं हुआ है, वे भी रोजगार मेले में पंजीयन कराकर अवसर का लाभ उठा सकते हैं। अब तक जिले के कुल 528 युवाओं का पंजीयन राज्य स्तरीय रोजगार मेले में भाग लेने के लिए किया जा चुका है।

रोजगार मेले में शामिल होने वाले युवाओं को पहचान पत्र, रोजगार पंजीयन कार्ड, शैक्षणिक एवं तकनीकी प्रमाण-पत्र, बायोडाटा, पासपोर्ट आकार के फोटो तथा अनुभव प्रमाण-पत्र, यदि लागू हो, के मूल दस्तावेज एवं छायाप्रति साथ रखने के लिए कहा गया है।

*जिले के 7 युवाओं को मौके पर मिलेगा नियुक्ति प्रमाण-पत्र*

राज्य स्तरीय रोजगार मेले के दौरान सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के 7 युवाओं को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा मौके पर नियुक्ति प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। यह जिले के युवाओं के लिए रोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।

कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने जिले के रोजगार के इच्छुक युवाओं से राज्य स्तरीय रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने युवाओं से निर्धारित दस्तावेजों के साथ समय पर कलेक्टर परिसर पहुंचने का आग्रह किया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!