
नये धान खरीदी केंद्र के लिए भटगांव तहसीलदार की टीम ने देवसागर से हटवाया बेजा कब्जा
देवसागर क्षेत्र के 9 गांवों के किसानों को मिलेगी सुविधा

भटगांव :- खरीफ विपणन वर्ष में किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए राज्य शासन द्वारा नये धान खरीदी केंद्र खोले जा रहे हैं। इसी कड़ी में नगर भटगांव के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत देवसागर में नये धान खरीदी केंद्र की शुरुआत हो रही है। इस केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के 9 गांवों के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। लेकिन खरीदी केंद्र के लिए चयनित शासकीय भूमि पर ग्रामीणों द्वारा बेजा कब्जा कर लिया गया था। जिसे हटाने के लिए भटगांव तहसीलदार की टीम ने मौके पर पहुंचकर लगभग 5 एकड़ भूमि को बेजा कब्जा मुक्त कराया और धान खरीदी केंद्र के लिए जगह को सुरक्षित किया।
*किसानों को हो रही थी परेशानी*
देवसागर क्षेत्र के किसानों को अब तक धान बेचने के लिए दूर के खरीदी केंद्रों में जाना पड़ता था। इससे उन्हें परिवहन में अतिरिक्त खर्च और समय की बर्बादी होती थी। छोटे किसानों के लिए यह और भी बड़ी समस्या थी। कई बार ट्रैक्टर-ट्रॉली न मिलने से धान समय पर नहीं बिक पाता था। राज्य शासन के निर्देशानुसार जब देवसागर में नये धान खरीदी केंद्र की स्वीकृति मिली तो क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई। शासन ने ग्राम पंचायत देवसागर में शासकीय भूमि को खरीदी केंद्र के लिए चयनित किया।
*शासकीय भूमि पर था बेजा कब्जा*

खरीदी केंद्र के लिए चयनित स्थान जो शासकीय भूमि थी, उस पर ग्रामवासियों ने अपनी आवश्यकता अनुसार कब्जा कर रखा था। किसी ने वहां मवेशी बांध रखे थे, तो किसी ने अस्थायी झोपड़ी बना रखी थी, तो किसी ने अपना सामान रख रखा था। यह कब्जा लंबे समय से चला आ रहा था। जब धान खरीदी केंद्र के लिए जगह की नाप-जोख की गई तो यह बात सामने आई कि पूरी जमीन पर बेजा कब्जा है। इसके बाद तहसील कार्यालय द्वारा ग्रामीणों को नोटिस देकर कब्जा हटाने को कहा गया।
*तहसीलदार की टीम ने हटवाया कब्जा*
बेजा कब्जा हटाने के लिए भटगांव तहसीलदार परमेश्वरी तिलकवार के नेतृत्व में राजस्व टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बिना किसी जोर-जबरदस्ती के ग्रामीणों को समझाइश देकर कब्जा हटवाया। इस दौरान लगभग 5 एकड़ भूमि को बेजा कब्जा से मुक्त कराया गया। ताकि 9 गांवों से आने वाले किसानों को खरीदी केंद्र में किसी प्रकार की असुविधा न हो। धान खरीदी के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के आने-जाने, धान के रख-रखाव और तौल के लिए पर्याप्त जगह की आवश्यकता होती है, इसलिए इतनी बड़ी जगह को खाली कराना जरूरी था। तहसीलदार नेत्रप्रभा सिदार ने बताया कि बेजा कब्जा हटाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन का सहयोग किया और स्वयं ही अपना सामान हटा लिया। यह एक अच्छी पहल है कि किसान हित में ग्रामीणों ने खुद ही कब्जा खाली कर दिया।
*ये रहे उपस्थित*
बेजा कब्जा हटाने की इस कार्रवाई के दौरान ग्राम सरपंच देवसागर प्रतिनिधि उमाशंकर साहू, नई शाखा प्रबंधक पूरन साहू, पुलिस थाना भटगांव के सिपाही, ग्राम कोटवार, आर.आई. भटगांव तथा पटवारी की पूरी टीम के साथ-साथ बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। पुलिस की मौजूदगी से शांति व्यवस्था बनी रही।
*9 गांवों के किसानों को होगा लाभ*
इस नये धान खरीदी केंद्र के शुरू होने से देवसागर सहित आसपास के लगभग 9 गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। अब उन्हें अपना धान बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। समय और पैसे दोनों की बचत होगी। साथ ही धान खरीदी केंद्र नजदीक होने से वे अपनी फसल की देखरेख भी आसानी से कर पायेंगे। शासन द्वारा इस वर्ष धान खरीदी की तैयारियां जोरों पर हैं। बेजा कब्जा हटने के बाद अब यहां चबूतरा निर्माण, कांटा-बांट, बारदाना व्यवस्था और अन्य तैयारियां शुरू की जायेंगी। क्षेत्र के किसानों ने शासन और प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है और जल्द से जल्द खरीदी केंद्र शुरू करने की मांग की है।


