
मोहम्मद साबिर का अंडर-14 छत्तीसगढ़ क्रिकेट टीम में चयन, अब भोपाल में दिखाएंगे दमखम
भटगांव। क्षेत्र के होनहार क्रिकेट खिलाड़ी मोहम्मद साबिर, पिता श्री आसिफ खान, का चयन अंडर-14 छत्तीसगढ़ क्रिकेट टीम में हुआ है। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। अब साबिर 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक भोपाल में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

मोहम्मद साबिर का चयन पेंड्रा मे आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। उन्होंने अपने खेल कौशल, बल्लेबाजी प्रतिभा और मेहनत से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उनका चयन उनके क्रिकेट करियर की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
साबिर की क्रिकेट प्रतिभा को सबसे पहले उनके प्रारंभिक कोच एवं शिक्षक लक्ष्मीकांत सोनी ने पहचाना। वे स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय (SAGES), भटगांव में शिक्षक हैं। साबिर की प्रतिभा और क्रिकेट के प्रति लगन को देखते हुए लक्ष्मीकांत सोनी ने उन्हें बेहतर प्रशिक्षण एवं अवसर दिलाने के उद्देश्य से रायपुर जाने के लिए प्रेरित किया।
वर्तमान में मोहम्मद साबिर रायपुर स्थित सीजी एजुकेशन अकादमी में अध्ययनरत हैं, जहां वे अपनी पढ़ाई के साथ-साथ क्रिकेट प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। साबिर दाएं हाथ के बल्लेबाज (Right-Handed Batsman) हैं। उनकी इस सफलता में उनकी मेहनत, अनुशासन, परिवार के सहयोग और प्रारंभिक कोच के मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
अब भोपाल में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में साबिर को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। क्षेत्रवासियों एवं खेलप्रेमियों को उम्मीद है कि वे राष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ और भटगांव का नाम रोशन करेंगे।
मोहम्मद साबिर की इस उपलब्धि पर शिक्षकों, खेलप्रेमियों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



