छत्तीसगढ़सारंगढ़

सेवा संकल्प अभियान के तहत 8 और 9 अक्टूबर को जिले में होंगे विविध कार्यक्रम

सेवा संकल्प अभियान के तहत 8 और 9 अक्टूबर को जिले में होंगे विविध कार्यक्रम

“एक गांव गोद लें”, विद्यादान एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता के माध्यम से दिया जाएगा सेवा और सामाजिक सहभागिता का संदेश

17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक जिले में चलाया जा रहा विशेष सेवा संकल्प अभियान

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 08 अक्टूबर 2026। जिले में सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक विशेष सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के समन्वय से लगातार जनहित एवं जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 8 और 9 अक्टूबर को जिले में शिक्षा, सामाजिक सहभागिता और साइबर सुरक्षा से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा कार्यों से जोड़ने के साथ उनमें सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान में शासन की जनकल्याणकारी भावना को जनभागीदारी से जोड़ते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, जागरूकता और सामाजिक सहयोग जैसे विषयों पर विशेष गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

*8 अक्टूबर को डोंगरीपाली में “एक गांव गोद लें” और विद्यादान कार्यक्रम*

अभियान के तहत 8 अक्टूबर को बरमकेला विकासखंड के डोंगरीपाली में दोपहर 12 बजे “एक गांव गोद लें” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यादान एवं शिक्षा सहयोग की गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा और सहभागिता की भावना को मजबूत करने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में सामुदायिक सहयोग को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को गांव के विकास एवं बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा।

*9 अक्टूबर को हरदी में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान*

सेवा संकल्प अभियान की अगली कड़ी में 9 अक्टूबर को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरदी में सुबह 11 बजे साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित एवं सतर्क उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी की सुरक्षा तथा साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने के संबंध में जागरूक किया जाएगा। बदलते डिजिटल परिवेश में विद्यार्थियों और युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार एवं जागरूक बनाने की दिशा में यह कार्यक्रम उपयोगी होगा।

उल्लेखनीय है कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 17 सितम्बर से लगातार विभिन्न सेवा और जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान 17 अक्टूबर तक जारी रहेगा। जिला प्रशासन का प्रयास है कि सेवा और सामाजिक सहभागिता की भावना को जन-जन से जोड़ते हुए समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को और मजबूत किया जाए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!