सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए बड़ी खबर, एक ही दिन में हजारों रुपये चढ़े भाव

बीते लंबे समय से लगातार तेज गिरावट के बाद आज सोने और चांदी के भाव में तेज बढ़त देखने को मिल रही है। सोमवार को MCX पर सोना 2.50 प्रतिशत की तेज बढ़त लेकर कारोबार कर रहा है, जबकि चांदी की कीमतों में भी 2.40 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देखने को मिल रही है।

सोने के भाव में 3116 रुपये तक की तेजी
सोमवार को सुबह लगभग 10:50 बजे, MCX पर 4 दिसंबर की डिलीवरी वाला सोना 3041 रुपये (2.50 प्रतिशत) की तेज बढ़त के साथ 1,24,819 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर कारोबार कर रहा था। आज सोने ने 2665 रुपये की तेजी के साथ 1,24,443 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर कारोबार शुरू किया था, जो पिछले हफ्ते शुक्रवार को 1,21,778 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। खबर लिखे जाने तक, सोने का भाव 1,24,894 रुपये प्रति 10 ग्राम के इंट्राडे हाई से लेकर 1,23,806 रुपये प्रति 10 ग्राम के इंट्राडे लो तक पहुंच चुका था। यानी, शुक्रवार के बंद भाव की तुलना में आज सोने की कीमतें 3116 रुपये तक चढ़ चुकी हैं।

चांदी की कीमतों में भी 3856 रुपये तक की बढ़त
इसी तरह, आज 4 दिसंबर की डिलीवरी वाली चांदी की कीमत भी 3595 रुपये (2.43 प्रतिशत) की शानदार तेजी के साथ 1,51,408 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर कारोबार कर रही थी। आज चांदी ने 1240 रुपये की तेजी के साथ 1,49,053 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर कारोबार शुरू किया था, जो पिछले हफ्ते शुक्रवार को 1,47,813 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी। खबर लिखे जाने तक, चांदी का भाव 1,51,669 रुपये प्रति किलोग्राम के इंट्राडे हाई से लेकर 1,49,053 रुपये प्रति किलोग्राम के इंट्राडे लो तक पहुंच चुका था। शुक्रवार के बंद भाव की तुलना में आज चांदी का भाव 3856 रुपये तक चढ़ चुका है।

शुक्रवार को सर्राफा बाजार में भी दर्ज की गई थी तेज गिरावट
बताते चलें कि दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमतों में लगातार 9वें दिन गिरावट दर्ज की गई थी। सर्राफा कारोबारियों के मुताबिक, शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 5200 रुपये की भारी गिरावट के साथ 1,29,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) पर बंद हुआ था। इसके अलावा, चांदी भी 4000 रुपये गिरकर 1.58 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई थी।





