अवैध शराब की बड़ी खेप पर आबकारी विभाग की दबिश, एक आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग हिरासत में; एक फरार

जगदलपुर:छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने दबिश देकर मध्यप्रदेश ब्रांड की अंग्रेजी शराब की भारी खेप बरामद की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 9 लाख 46 हजार रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान शराब परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है।

इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया गया है। वहीं, एक अन्य आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। आबकारी विभाग की टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है।

मुखबिर की सूचना पर छोटे कड़मा में दी दबिश
जानकारी के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की जगदलपुर रेंज की टीम ने दरभा थाना क्षेत्र के छोटे कड़मा में दबिश दी। इस दौरान टीम ने मध्यप्रदेश ब्रांड की अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पकड़ी।

कार्रवाई में कुल 1261.8 बल्क लीटर शराब बरामद की गई, जिसमें 7010 बोतलें शामिल हैं। जब्त शराब की बाजार में अनुमानित कीमत 9 लाख 46 हजार रुपये आंकी गई है। शराब के अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया।

एक आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग निरुद्ध
आबकारी विभाग ने इस मामले में प्रवीण बघेल नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया गया है। कार्रवाई के दौरान सुनील सेठिया नामक एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

फिलहाल आबकारी विभाग ने आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।





