
रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है, तो वहीं कई इलाकों में सुबह कोहरे और रात के समय ठंड का असर महसूस किया जा रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर नया पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक प्रदेश में अगले 24 घंटे बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 24 नवंबर से न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे रात के समय ठंड का असर और बढ़ सकता है।

आज कई इलाकों में बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, सोमवार 23 नवंबर को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, बारिश को लेकर किसी भी जिले में विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है। अगले दो दिनों तक भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं।
क्यों बदल रहा है छत्तीसगढ़ का मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र 22 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे तक सक्रिय था। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।

इसी मौसमी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में बादल छाए रहने और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। हालांकि, सिस्टम का प्रभाव कमजोर पड़ने के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इससे प्रदेश में ठंड का असर बढ़ेगा।
इन इलाकों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सबसे अधिक बारिश इन इलाकों में हुई।

दुलदुला – 3 सेंटीमीटर
पत्थलगांव – 3 सेंटीमीटर
बागबहरा – 1 सेंटीमीटर
वाड्रफनगर – 1 सेंटीमीटर
भैयाथान – 1 सेंटीमीटर
जशपुरनगर – 1 सेंटीमीटर
रामानुजगंज – 1 सेंटीमीटर

रायपुर में कैसा रहेगा आज का मौसम?
राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सुबह के समय हल्का कोहरा और शाम के वक्त ठंड का एहसास हो सकता है.

जानिए प्रमुख शहरों का तापमान
शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
रायपुर 29.1°C 19.2°C
माना 29.9°C 18°C
बिलासपुर 26.5°C 20.6°C
जगदलपुर 30.6°C 15.9°C
अंबिकापुर 27.1°C 19.2°C
दुर्ग 28.6°C 16.4°कॉल

24 नवंबर से बढ़ेगी ठंड, रहें तैयार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 24 नवंबर से प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में रात और सुबह के समय ठंड ज्यादा महसूस होगी। लोगों को सलाह है कि सुबह और रात के समय गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करें और बदलते मौसम में सावधानी बरतें।




