छत्तीसगढ़सारंगढ़

प्रधानमंत्री आवास योजना में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता, आवास स्वीकृति के नाम पर राशि मांगने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

कलेक्टर के मार्गदर्शन में पात्र हितग्राहियों को डिजिटल प्रक्रिया से मिल रही आवास की स्वीकृति

आवास स्वीकृति, किश्त जारी करने या जियो-टैगिंग के नाम पर राशि मांगने वालों के विरुद्ध होगी एफआईआर — जिला पंचायत सीईओ तिवारी

स्वीकृत आवासों का शीघ्र निर्माण प्रारंभ कराने के निर्देश, तीन किश्तों में मिलेगी 1.20 लाख रुपये की सहायता राशि

सारंगढ़–बिलाईगढ़ : केंद्र एवं राज्य शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले के पात्र ग्रामीण परिवारों को पक्के आवास की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्राथमिकता के साथ कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिले में नवीन आवासों की स्वीकृति से लेकर निर्माण कार्यों की प्रगति तक नियमित निगरानी की जा रही है। योजना का लाभ वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाने तथा आवास स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से संपूर्ण प्रक्रिया डिजिटल एवं पेपरलेस माध्यम से संचालित की जा रही है।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृति, किश्त जारी करने अथवा जियो-टैगिंग के नाम पर किसी भी प्रकार की राशि मांगने, भ्रष्टाचार या अनियमितता की शिकायत प्रमाणित होने पर संबंधितों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला पंचायत सीईओ श्री तिवारी ने बताया कि शासन द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नवीन आवासों की स्वीकृति प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल एवं पारदर्शी बनाया गया है। पूर्व में किए गए डिजिटल सर्वेक्षण के आधार पर पात्र हितग्राहियों को निरंतर आवास स्वीकृत किए जा रहे हैं। इस प्रक्रिया में हितग्राहियों से किसी प्रकार के अनावश्यक दस्तावेज अथवा अतिरिक्त कागजात की मांग नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आवास स्वीकृति से लेकर निर्माण की प्रत्येक प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप संचालित की जा रही है।

आवास के नाम पर किसी को न दें राशि, निर्भीक होकर करें शिकायत

जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी ने जिले के सभी आवास हितग्राहियों से अपील की है कि वे किसी भी बिचौलिए, दलाल अथवा अन्य व्यक्ति के बहकावे में न आएं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृति, किश्त जारी कराने, जियो-टैगिंग अथवा अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर किसी को भी राशि देने की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई व्यक्ति आवास स्वीकृत कराने या किश्त जारी कराने के बदले राशि की मांग करता है अथवा किसी प्रकार का दबाव बनाता है, तो इसकी शिकायत तत्काल संबंधित जनपद पंचायत अथवा जिला पंचायत कार्यालय में दर्ज कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार जांच एवं कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

तीन किश्तों में हितग्राहियों को मिलेगी 1.20 लाख रुपये की सहायता राशि

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को पक्का आवास निर्माण के लिए शासन द्वारा कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन किश्तों में प्रदान की जाती है। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रथम किश्त के रूप में 45 हजार रुपये, द्वितीय किश्त में 65 हजार रुपये तथा अंतिम तृतीय किश्त में 10 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों का निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूर्ण कराने के लिए हितग्राहियों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

स्वीकृत आवासों का तत्काल ले-आउट कराकर निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश

जिला पंचायत सीईओ श्री तिवारी ने जिन हितग्राहियों के आवास स्वीकृत हो चुके हैं, उनसे शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हितग्राही अपने ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक अथवा पंचायत सचिव से संपर्क कर तकनीकी सहायकों के माध्यम से निर्धारित स्थल पर आवास का ले-आउट कराएं। साथ ही निर्माण के लिए आवश्यक सामग्री एकत्रित कर कार्य प्रारंभ करें, जिससे प्रथम किश्त की 45 हजार रुपये की राशि का फंड ट्रांसफर ऑर्डर (एफटीओ) समय पर जारी किया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि हितग्राहियों को निर्माण कार्य प्रारंभ करने में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि स्वीकृति के बाद आवास निर्माण में अनावश्यक विलंब न हो।

न्यूनतम 267 वर्गफीट क्षेत्रफल में होगा आवास निर्माण, तकनीकी अमले को नियमित निगरानी के निर्देश

जिला पंचायत सीईओ ने सभी तकनीकी सहायकों एवं संबंधित अमले को निर्देशित किया है कि वे स्वीकृत आवासों का स्थल निरीक्षण कर शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार न्यूनतम 267 वर्गफीट क्षेत्रफल में आवास निर्माण के लिए ले-आउट सुनिश्चित कराएं। निर्माण स्थल पर आवश्यक सामग्री की उपलब्धता एवं कार्य प्रारंभ होने की स्थिति का सत्यापन कर फोटो सहित जानकारी संबंधित जनपद पंचायत कार्यालय को उपलब्ध कराएं, जिससे प्रथम किश्त का एफटीओ समय-सीमा में जारी किया जा सके।

उन्होंने तकनीकी अमले को आवास निर्माण की प्रगति की नियमित निगरानी करने तथा हितग्राहियों को निर्माण की विभिन्न अवस्थाओं में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही निर्माण कार्य में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Oplus_131072

90 दिवस में आवास पूर्ण कराने का लक्ष्य, विशेष परिस्थितियों में अधिकतम 180 दिवस की समय-सीमा

जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी ने स्पष्ट किया है कि शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप स्वीकृत आवासों का निर्माण न्यूनतम 90 दिवस में पूर्ण कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएं। विशेष परिस्थितियों में भी निर्माण कार्य अधिकतम 180 दिवस की निर्धारित अवधि के भीतर पूर्ण कराया जाए। इसके लिए संबंधित जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायत सचिवों, रोजगार सहायकों एवं तकनीकी अमले को हितग्राहियों का उन्मुखीकरण करने तथा निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।

Oplus_131072

कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृति, निर्माण प्रारंभ करने, किश्त जारी करने एवं आवास पूर्णता की प्रगति पर निगरानी रखी जा रही है। जिला पंचायत सीईओ ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योजना के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता बरतने, पात्र हितग्राहियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!