कलेक्टर ने 423 व्यक्तिगत शौचालयों के लिए 50.76 लाख रुपये की दी स्वीकृति
सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदन के पात्र हितग्राहियों को मिलेगा शौचालय का लाभ
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 8 जुलाई 2026/ जिले में ग्रामीण स्वच्छता को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार प्रभावी कदम उठा रहा है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निराकरण करते हुए विकासखंड बिलाईगढ़ की विभिन्न ग्राम पंचायतों में 423 व्यक्तिगत घरेलू शौचालयों के निर्माण हेतु 50.76 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की है। यह स्वीकृति स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत प्रदान की गई है। इससे पात्र परिवारों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित स्वच्छता सुविधा उपलब्ध होगी तथा जिले में खुले में शौच की पुनरावृत्ति रोकने के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।
जिला प्रशासन ने बिलाईगढ़ जनपद पंचायत एवं संबंधित ग्राम पंचायतों को स्वीकृत कार्यों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। हितग्राहियों द्वारा शौचालय निर्माण पूर्ण कर जियो टैगिंग किए जाने के बाद 12,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने हितग्राहियों से अपील की है कि वे शौचालय निर्माण कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाएं, ताकि जिले में स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सम्मानजनक जीवन के लक्ष्य को शीघ्र प्राप्त किया जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा सुशासन तिहार के माध्यम से प्राप्त जनआवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है। पात्र परिवारों को व्यक्तिगत शौचालय की स्वीकृति प्रदान करना स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित सारंगढ़-बिलाईगढ़ के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।


