छत्तीसगढ़सारंगढ़

भारी बारिश के बीच साय ने कलेक्टरों को दिए निगरानी और राहत के निर्देश

भारी बारिश के बीच साय ने कलेक्टरों को दिए निगरानी और राहत के निर्देश

रायपुर, 26 सितंबर। छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में हो रही भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के सभी जिला प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों से बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रखा गया है। सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि भारी बारिश के कारण कहीं भी किसी प्रकार की आवश्यकता उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी भारी बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है।

 

उन्होंने लोगों से नदी-नालों, जलप्रपातों और अन्य उफनते जलस्रोतों के पास जाने से बचने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के दौरान जलस्तर और पानी का बहाव अचानक बढ़ सकता है। जलमग्न पुल-पुलियों और सड़कों को पार करने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए। जिन स्थानों पर प्रशासन ने सुरक्षा के लिए बैरियर लगाए हैं, वहां प्रतिबंधों का पालन करना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने लोगों से भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की भी अपील की है। विशेषकर रात के समय यात्रा करते हुए अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है। उन्होंने गिरे हुए बिजली के तारों से दूर रहने और किसी भी विद्युत संबंधी खतरे की सूचना तत्काल संबंधित विभाग, पुलिस या स्थानीय प्रशासन को देने की सलाह दी है।

 उन्होंने अभिभावकों से बच्चों और बुजुर्गों की विशेष देखभाल करने तथा उन्हें अकेले बाहर नहीं जाने देने की अपील की। पहाड़ी इलाकों और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से भी सतर्क रहने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल 112 अथवा स्थानीय प्रशासन से तत्काल संपर्क करें। उन्होंने मौसम और राहत से संबंधित जानकारी के लिए केवल शासन-प्रशासन तथा अन्य अधिकृत स्रोतों से जारी सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। साथ ही अफवाहों और भ्रामक संदेशों को प्रसारित करने से बचने को कहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!