छत्तीसगढ़सारंगढ़

वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह पर 8 अक्टूबर को सारंगढ़ में मैराथन दौड़

वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह पर 8 अक्टूबर को सारंगढ़ में मैराथन दौड़

राज्य शासन के वन विभाग के निर्देशानुसार होगा आयोजन, तेंदुदरहा बैरियर से सहसपानी तक दौड़ेंगे प्रतिभागी

कलेक्टर ने वन एवं वन्य जीवों के संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर दिया जोर

सारंगढ़–बिलाईगढ़, राज्य शासन के वन विभाग के निर्देशानुसार वन्य प्राणियों के संरक्षण और उनके प्राकृतिक आवासों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में 2 से 8 अक्टूबर तक वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में वन मंडल सारंगढ़–बिलाईगढ़ द्वारा 8 अक्टूबर को मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। सुबह 7 बजे तेंदुदरहा बैरियर से प्रारंभ होने वाली यह दौड़ सहसपानी तक आयोजित होगी।

कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के उद्देश्यों के अनुरूप वन एवं वन्य जीवों के संरक्षण के लिए जनभागीदारी और जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में वन, वन्य प्राणी और जैव विविधता की महत्वपूर्ण भूमिका है। इनके संरक्षण के प्रति समाज के प्रत्येक वर्ग में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आवश्यक है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को प्रकृति और वन्य जीवों के संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया जाना चाहिए।

*मैराथन से दिया जाएगा वन्य जीव संरक्षण का संदेश*

“वन्य जीवों का संरक्षण, हम

सबकी जिम्मेदारी” की भावना के साथ आयोजित मैराथन दौड़ के माध्यम से वन विभाग लोगों को वन्य प्राणियों और उनके प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा के लिए प्रेरित करेगा। प्रतिभागी “दौड़ें स्वस्थ रहें, वन्य जीवन बचाएं” का संदेश लेकर दौड़ में शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के साथ समाज में वन्य जीव संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के दौरान वन विभाग द्वारा लोगों को यह संदेश भी दिया जा रहा है कि जंगल केवल वन्य जीवों का आश्रय स्थल नहीं, बल्कि मानव जीवन और पर्यावरणीय संतुलन का महत्वपूर्ण आधार हैं। वन्य जीवों की विभिन्न प्रजातियों और उनके प्राकृतिक रहवास की सुरक्षा से जैव विविधता संरक्षित रहती है। इसलिए वन और वन्य जीवों की सुरक्षा में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है।

प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के प्रतिभागी होंगे पुरस्कृत

मैराथन दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार वितरण समारोह वन परिक्षेत्र कार्यालय, वनमंडल सारंगढ़ में दोपहर 1 बजे आयोजित किया जाएगा।

वन विभाग ने अधिक से अधिक लोगों से वन्य प्राणी संरक्षण की भावना से जुड़ने और प्रकृति के संरक्षण में अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान किया है। वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के माध्यम से “वन्य जीव बचेंगे, प्रकृति मुस्कुराएगी” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!