
बंगाल की खाड़ी के सिस्टम से बदला छत्तीसगढ़ का मौसम, रायपुर समेत 15 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

रायपुर : छत्तीसगढ़ में गुरुवार को भी बारिश का सिलसिला बना रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं एक दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. रायपुर समेत 15 जिलों में 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है.
आंधी और बारिश का अलर्ट

कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, कोरबा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही समेत कई जिलों में आंधी और बारिश के साथ 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.

50-60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने एक मौसम सिस्टम के कारण 24 सितंबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, 24 और 25 सितंबर को मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश के तेज होने का अनुमान है. अगले दो दिनों तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है. कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.
दक्षिणी छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्सों में सबसे ज्यादा दिख रहा है. मौसम विभाग के अनुसार 24 सितंबर को दक्षिणी छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है और एक-दो जगहों पर बहुत ज्यादा भारी बारिश भी हो सकती है. पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में बारिश भी दर्ज की गई है.

24 घंटों में कितनी बारिश हुई
पिछले 24 घंटों के दौरान जगदलपुर में 29.6 mm बारिश दर्ज की गई. साथ ही यहां का अधिकतम तापमान 26.5°C और न्यूनतम तापमान 22.6°C रहा. रायपुर-लालपुर में 4.9 mm और बिलासपुर में 7.4 mm बारिश दर्ज की गई
.
कब तक होगी बारिश?

मौसम विभाग के अनुसार, 27 सितंबर तक बारिश होने की संभावना है. 27 सितंबर को पूरे राज्य में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और एक-दो जगहों पर भारी बारिश की भी संभावना है. 28 और 29 सितंबर को भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, हालांकि इन दो दिनों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.


