छत्तीसगढ़सारंगढ़

सेवा संकल्प अभियान के तहत 22 सितंबर को होगा अंगदान कार्यक्रम

सेवा संकल्प अभियान के तहत 22 सितंबर को होगा अंगदान कार्यक्रम

जिला अस्पताल सारंगढ़ के सभा कक्ष में दोपहर 3 बजे होगा आयोजन

कलेक्टर और सीएमएचओ ने जिलेवासियों से मानव कल्याण के लिए अंगदान का संकल्प लेने कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की

सारंगढ़-बिलाईगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत 22 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे जिला अस्पताल सारंगढ़ के सभा कक्ष में अंगदान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को अंगदान जैसे मानवीय और जीवनदायी संकल्प से जोड़ना तथा अधिक से अधिक लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित करना है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने जिलेवासियों से इस महत्वपूर्ण पहल में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने और अंगदान का संकल्प लेकर मानव सेवा के इस अभियान से जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है और किसी व्यक्ति द्वारा लिया गया अंगदान का संकल्प जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में नई आशा का आधार बन सकता है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव ने भी जिले के नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न संस्थाओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि अंगदान मानव सेवा का ऐसा माध्यम है, जिसके जरिए एक व्यक्ति अपने जीवन के बाद भी जरूरतमंद लोगों के जीवन को संवारने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को अंगदान के महत्व की जानकारी दी जाएगी तथा उन्हें अंगदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 22 सितंबर को दोपहर 3 बजे जिला अस्पताल सारंगढ़ के सभा कक्ष में पहुंचकर इस जनहितकारी पहल में सहभागी बनें और अंगदान के संकल्प के माध्यम से मानवता की सेवा में अपना योगदान दें। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने की तैयारियां की जा रही हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!