पीजी कॉलेज में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का शानदार आयोजन
(खेलों से स्वस्थ युवा और स्वस्थ युवा से बनेगा विकसित भारत : खेलो इंडिया संवाद में गूंजा राष्ट्र निर्माण का संदेश)
कोरबा- आज दिनांक 27 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा ‘खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात पीएम के साथ’ यूथ कनेक्ट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कोरबा जिले में राष्ट्रीय स्तर के इस कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं प्रधानमंत्री के वर्चुअल संवाद के सीधे प्रसारण के लिए महाविद्यालय का चयन किया गया था।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य तथा स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ना और उन्हें राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित अतिथियों, विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सुना। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘युथ कनेक्ट’ और युवा संवाद कार्यक्रमों में युवाओं को देश का उज्ज्वल भविष्य बताते हुए सोशल मीडिया और तकनीक के जरिए जुड़ने पर विशेष जोर दिया तथा ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को साकार करने में युवा शक्ति की भूमिका तथा देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय तीरंदाजी खिलाड़ी तरुण जांगड़े एवं राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी माही जांगड़े उपस्थित रहे। साथ ही जिला युवा अधिकारी माय भारत ईशा गौतम, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.एल.एन. कंवर , प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण तथा डाइट कोरबा एवं मिनीमाता शासकीय कन्या महाविद्यालय, कोरबा के प्रतिनिधि अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण ‘युवा संवाद’ में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। ऋचा स्वर्णकार, अंकिता शर्मा, अभितोष, मयंक विश्वकर्मा, कोमल साहू , दीपिका,संगीता कोशले,गोविंद यादव, प्रीति कंवर, दीपांकर एवं पदमिनी ने जीवन कौशल, सामुदायिक सेवा, खेलों के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रभावी विचार प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर स्पोर्ट्स इंफ्लुएंसर राष्ट्रीय तीरंदाजी खिलाड़ी तरुण जांगड़े ने अपने खेल जीवन के संघर्ष, नियमित अभ्यास, अनुशासन एवं राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं माही जांगड़े ने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के संतुलन के लिए दैनिक जीवन में खेलों एवं शारीरिक गतिविधियों को अपनाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। माही जांगड़े ने नशामुक्त युवा भारत की शपथ दिलायी।
जिला युवा अधिकारी ईशा गौतम ने कहा कि युवा विभिन्न सामाजिक, स्वयंसेवी, कौशल विकास एवं राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के माध्यम से देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.एल.एन.कंवर ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और टीम भावना के विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए देश के युवाओं का स्वस्थ, जागरूक, अनुशासित एवं सक्रिय होना आवश्यक है। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए एनएसएस, एनसीसी, खेल गतिविधियों से जुड़े स्वयंसेवकों तथा महाविद्यालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में आमंत्रित अतिथियों को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात् उपस्थित सभी लोगों को ‘विकसित भारत–नशामुक्त भारत’ के निर्माण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेलों से जुड़ने, सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर अजय कुमार पटेल ने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग प्रदान करने वाले जिला प्रशासन, माय भारत /नेहरू युवा केंद्र, महाविद्यालय प्रशासन, अतिथियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस दौरान परिसर में स्थानीय और पारंपरिक फिटनेस खेल गतिविधि का अगोजन किया गया जिसमें रस्सी खींच, फुगड़ी का शानदार आयोजन किया रस्सा-कसी में कुल 06 टीम ने हिस्सा लिया एवं फुगड़ी में कुल 02 टीम ने हिस्सा लिया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ। गेम्स एक्टिविटी में कुल 140 छात्रों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का समन्वय एवं संचालन कार्यक्रम अधिकारी एनएसएस अजय कुमार पटेल और आभार प्रदर्शन श्रीमती मधु कंवर ने किया।

