सारंगढ़ नगर पालिका को मिली बड़ी सौगात, 15 विकास कार्यों के लिए 5.50 करोड़ रुपए स्वीकृत
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप नगरीय अधोसंरचना विकास को मिल रही प्राथमिकता

उप मुख्यमंत्री अरुण साव के अनुमोदन पर 11 बीटी सड़क, दो सीसी रोड एवं दो पुलियों के निर्माण की मिली मंजूरी
सारंगढ़-बिलाईगढ़ : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप प्रदेश के नगरीय निकायों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार एवं अधोसंरचना विकास को राज्य शासन द्वारा विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय सारंगढ़ के विकास के लिए राज्य शासन ने बड़ी सौगात दी है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा सारंगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में 15 महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए कुल 5 करोड़ 49 लाख 83 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभागीय संचालनालय द्वारा स्वीकृति आदेश जारी कर दिए गए हैं।

स्वीकृत विकास कार्यों में 4 करोड़ 8 लाख 90 हजार रुपए की लागत से 11 बीटी सड़कों, 60 लाख 10 हजार रुपए की लागत से दो सीसी सड़कों तथा 80 लाख 83 हजार रुपए की लागत से दो पुलियों का निर्माण शामिल है। इन कार्यों के लिए चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में अधोसंरचना मद से राशि मंजूर की गई है। इन विकास कार्यों से सारंगढ़ नगर के विभिन्न वार्डों में सड़क संपर्क बेहतर होगा तथा नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा सारंगढ़ नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 1 में कॉलेज रोड से जेल रोड तक बीटी सड़क निर्माण के लिए 25 लाख 61 हजार रुपए तथा वार्ड क्रमांक 2 एवं 3 में सिविल कोर्ट से गौरव पथ अपेक्स बैंक तक बीटी सड़क निर्माण के लिए 40 लाख 9 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 4 एवं 5 में जनपद पंचायत कार्यालय से इंडोर स्टेडियम तक सीसी सड़क निर्माण के लिए 48 लाख 12 हजार रुपए तथा वार्ड क्रमांक 5 में सीसी सड़क निर्माण के लिए 11 लाख 98 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।
वार्ड क्रमांक 7 में बीटी सड़क निर्माण के लिए 31 लाख 71 हजार रुपए, वार्ड क्रमांक 7 एवं 13 में ठाकुर राउर चौक से रायपुर रोड नाका नंबर 5 तक बीटी सड़क निर्माण के लिए 47 लाख 69 हजार रुपए, वार्ड क्रमांक 8 एवं 9 में अटल परिसर से नंदा चौक तक बीटी सड़क के लिए 37 लाख 87 हजार रुपए तथा अटल परिसर से आजाद चौक तक बीटी सड़क निर्माण के लिए 35 लाख 20 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसी तरह वार्ड क्रमांक 8, 9, 12 एवं 13 में नंदा चौक से दौलत चौक होते हुए शनि मंदिर तक बीटी सड़क निर्माण के लिए 36 लाख 15 हजार रुपए तथा वार्ड क्रमांक 9, 10 एवं 12 में साप्ताहिक दैनिक बाजार से देवघरा चौक तक बीटी सड़क निर्माण के लिए 49 लाख 92 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।

विभाग द्वारा वार्ड क्रमांक 11 में बुटीपारा से कमला नगर को जोड़ने के लिए 67 लाख 93 हजार रुपए तथा घोघरा नाला के पास आरसीसी पुलिया निर्माण के लिए 12 लाख 90 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। वहीं वार्ड क्रमांक 12 में छोटे मठ से कमला नगर इंदिरा चौक तक बीटी सड़क निर्माण के लिए 45 लाख 8 हजार रुपए, वार्ड क्रमांक 13, 14 एवं 15 में अस्पताल चौक पैलपारा से शहीद स्मारक तक बीटी सड़क निर्माण के लिए 17 लाख 95 हजार रुपए तथा वार्ड क्रमांक 15 में बीटी सड़क निर्माण के लिए 40 लाख 63 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।





