छत्तीसगढ़

फसल बीमा योजना में फर्जी हस्ताक्षर का खेल, सरकारी अधिकारी समेत दो गिरफ्तार; एक की तलाश जारी

 

जगदलपुर : प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में किसानों के नाम पर कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। बस्तर जिले में किसानों के फर्जी हस्ताक्षर के जरिए बीमा राशि हासिल करने के आरोप में पुलिस ने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी मुन्ना लाल बघेल समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम जामगांव के किसानों ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनके नाम पर फर्जी हस्ताक्षर कर बजाज जनरल इंश्योरेंस कंपनी से बीमा राशि प्राप्त की गई। किसानों की शिकायत मिलने के बाद बुरगुम थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान कथित धोखाधड़ी में तीन लोगों की संलिप्तता सामने आई।

कृषि विस्तार अधिकारी समेत दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी मुन्ना लाल बघेल और अनिल सेठिया को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, किसानों के फर्जी हस्ताक्षरों के आधार पर बीमा राशि प्राप्त कर किसानों और बीमा कंपनी के साथ धोखाधड़ी किए जाने का आरोप है।

तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

इस मामले में तीसरे आरोपी गिरीश चंद सेठिया की भूमिका भी जांच में सामने आई है। वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित फर्जीवाड़े में कितनी राशि का लेन-देन हुआ और कितने किसान प्रभावित हुए।

Oplus_131072
Oplus_131072

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!