छत्तीसगढ़रायपुर

छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में बड़ा एक्शन : आरोपी विकास अग्रवाल को UAE से लाया गया भारत

रायपुर :  छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। मामले में फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत वापस लाया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस के समन्वय से यह कार्रवाई की। इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर UAE में उसकी गिरफ्तारी हुई थी। 27 नवंबर को पुलिस टीम उसे लेकर मुंबई पहुंची। अब उसे छत्तीसगढ़ लाने की तैयारी की जा रही है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, विकास अग्रवाल को शराब सिंडिकेट का कथित ‘मनीमैन’ बताया गया है। आरोप है कि वह डिस्टिलरी संचालकों से कमीशन की रकम वसूलता था और उसे सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचाने का काम करता था। जांच में अधिकारियों और दूसरे कथित लाभार्थियों तक रकम पहुंचाने की भूमिका भी उसके खाते में बताई गई है।

2019 से 2022 के बीच शराब वितरण में अनियमितताओं का आरोप

जांच एजेंसियों के मुताबिक, वर्ष 2019 से 2022 के बीच छत्तीसगढ़ की शराब वितरण व्यवस्था में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुईं। आरोप है कि इस दौरान एक सिंडिकेट के माध्यम से अवैध कमीशन वसूला गया, जिससे सरकारी खजाने को 1,280 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।

आरोपों के मुताबिक, विकास अग्रवाल डिस्टिलरी संचालकों से कमीशन एकत्र करने और उसे अधिकारियों सहित अन्य कथित लाभार्थियों तक पहुंचाने की व्यवस्था में शामिल था। उस पर अपराध से अर्जित रकम को अलग-अलग कंपनियों और वित्तीय माध्यमों के जरिए स्थानांतरित कर उसके वास्तविक स्रोत और मालिकाना हक को छिपाने का आरोप भी है। इन आरोपों की जांच एजेंसियां वित्तीय लेन-देन और संबंधित लोगों की भूमिका के आधार पर पड़ताल कर रही हैं।

नवंबर 2024 में दाखिल हो चुकी है चार्जशीट

इस मामले में जांच एजेंसियां पहले ही कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी हैं। नवंबर 2024 में अदालत में आरोपपत्र भी दाखिल किया जा चुका है। विकास अग्रवाल इसके बाद से फरार बताया जा रहा था। अब UAE से उसकी वापसी के बाद जांच की अगली प्रक्रिया शुरू होगी।

छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम उसे रायपुर लाने की तैयारी में है। यहां पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया के जरिए कथित शराब सिंडिकेट, कमीशन के लेन-देन और उससे जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सकती है।

इंटरपोल के रेड नोटिस के बाद हुई कार्रवाई

छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुरोध पर राष्ट्रीय केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (NCB), नई दिल्ली ने इंटरपोल के माध्यम से विकास अग्रवाल के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया था। इसके बाद UAE के अधिकारियों ने उसकी लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद UAE ने उसे भारत को सौंप दिया।

Oplus_131072

छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम UAE पहुंची थी। दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आरोपी को भारतीय टीम के हवाले किया गया। इसके बाद टीम 27 नवंबर को उसे लेकर मुंबई हवाई अड्डे पहुंची।

भारत में इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के रूप में CBI, देश की विभिन्न कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ भारतपोल (BHARATPOL) के जरिए समन्वय करती है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वर्ष 2019 से अब तक इंटरपोल के सहयोग से 300 से अधिक वांछित आरोपियों को भारत वापस लाया जा चुका है। इनमें वर्ष 2026 में वापस लाए गए 78 भगोड़े भी शामिल हैं।

Oplus_131072

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!