छत्तीसगढ़सारंगढ़

आंगन मिलन सेवा समारोह में बच्चों और माताओं के बीच पहुंचे शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव और प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा

आंगन मिलन सेवा समारोह में बच्चों और माताओं के बीच पहुंचे शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव और प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा

गोदभराई की रस्म में हुए शामिल, हितग्राहियों को पोषण किट का किया वितरण

आंगनबाड़ी के बच्चों से किया आत्मीय संवाद, पौष्टिक आहार प्रदर्शनी का किया अवलोकन

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 04 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सारंगढ़ के झारियापारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित आंगन मिलन सेवा समारोह मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, सुपोषण और आत्मीयता के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा शामिल हुए। दोनों मंत्रियों ने आंगनबाड़ी केंद्र में महिलाओं और बच्चों से आत्मीय संवाद किया तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली।

समारोह के दौरान गर्भवती महिलाओं की परंपरागत गोदभराई की रस्म आयोजित की गई। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री यादव और प्रभारी मंत्री श्री वर्मा ने गोदभराई की रस्म में शामिल होकर गर्भवती महिलाओं को शुभकामनाएं दीं तथा हितग्राहियों को पोषण किट प्रदान किए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं एवं माताओं को अपने स्वास्थ्य और पोषण का विशेष ध्यान रखने के साथ बच्चों के समुचित पोषण एवं देखभाल पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।

आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के बीच पहुंचे दोनों मंत्रियों ने उनके साथ आत्मीय पल बिताए। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और आंगनबाड़ी केंद्र में होने वाली गतिविधियों के बारे में जानकारी ली तथा उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक अतिथियों का स्वागत किया। बच्चों की सहज मुस्कान और सक्रिय सहभागिता से समारोह का वातावरण आनंदमय और आत्मीय बना रहा।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय खाद्य सामग्रियों एवं पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव एवं प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न पौष्टिक खाद्य पदार्थों की जानकारी ली। विभागीय अधिकारियों ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, बच्चों के पोषण तथा महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संचालित योजनाओं और गतिविधियों से उन्हें अवगत कराया।

आंगन मिलन सेवा समारोह के माध्यम से महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के साथ गर्भावस्था के दौरान उचित देखभाल, बच्चों के समुचित पोषण तथा आंगनबाड़ी केंद्रों से मिलने वाली सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया। समारोह ने शासन की पोषण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाओं को हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ आंगनबाड़ी केंद्र और समुदाय के बीच जुड़ाव को भी मजबूत किया।

इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा, रायगढ़ सांसद श्री राधेश्याम राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडेय, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी श्री उत्तम सूर्यवंशी, परियोजना अधिकारी श्रीमती चनचला महिलांगे सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, हितग्राही महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!