भटगॉवसारंगढ़

*27 अगस्त को होगा खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम*

*युवा सहभागिता, खेल विकास एवं राष्ट्र निर्माण पर केंद्रित है यह कार्यक्रम*

सारंगढ़ बिलाईगढ़, 26 अगस्त 2026/राष्ट्रीय खेल दिवस प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी एवं देश के गौरव मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन 27 अगस्त को देशभर में व्यापक स्तर पर किया जाएगा। इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस को युवा सहभागिता, खेल विकास एवं राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ भव्य रूप से मनाया जा रहा है। इसी क्रम में देशभर में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य देश के युवा, देश के खिलाड़ी और देश के भविष्य को एक मंच पर जोड़ना है।

कार्यक्रम के अंतर्गत देश के प्रत्येक जिले के दो महाविद्यालयों में ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी के तहत सारंगढ़- बिलाईगढ़ जिले में शासकीय राजमहन्त नायनदास महिलांग महाविद्यालय भटगांव एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से युवाओं को पिछले 12 वर्षों में खेलों के क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण बदलावों एवं विकास से अवगत कराया जाएगा तथा खेल और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर युवाओं के विचार, सुझाव एवं आकांक्षाओं को भी सुना जाएगा।

कार्यक्रम की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह होगी कि 27 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के लगभग 1600 स्थानों पर उपस्थित 8 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम देश के विभिन्न हिस्सों में मौजूद युवाओं को एक साझा राष्ट्रीय मंच से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। कार्यक्रम में सभी अतिथियों एवं युवा प्रतिभागियों की उपस्थिति सुबह 10 बजे तक सुनिश्चित की जाएगी। प्रधानमंत्री के संबोधन के पश्चात कार्यक्रम स्थानीय स्तर पर युवा संवाद पर केंद्रित रहेगा।

युवा संवाद के दौरान माय भारत वालंटियर्स एवं स्थानीय खिलाड़ियों के बीच संवाद का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें पिछले 12 वर्षों में देश के खेल बुनियादी ढांचे में हुए बदलाव तथा भारत में विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद लगभग 15 मिनट का युवा संवाद आयोजित होगा, जिसमें युवाओं को अपने विचार, सुझाव एवं आकांक्षाएं साझा करने का अवसर मिलेगा।

युवा संवाद में मुख्य रूप से चार प्रमुख विषयों पर चर्चा की जाएगी, जिसमें खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना तथा जमीनी स्तर तक बेहतर खेल सुविधाएं, कोचिंग एवं अवसर पहुंचाना। 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं को तैयार करना, जिसमें वैज्ञानिक प्रतिभा पहचान एवं खिलाड़ी विकास पर विशेष ध्यान देना। युवा नेतृत्व एवं शासन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना। विकसित भारत के लिए युवा सशक्तिकरण, जिसके अंतर्गत युवाओं को भविष्य के लिए आवश्यक कौशल, स्वयंसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के अवसरों से जोड़ना। युवाओं से उनके सुझाव एवं विचार क्यूआर कोड के माध्यम से प्राप्त किए जाएंगे। साथ ही युवाओं को कार्यक्रम स्थल पर ही विकसित भारत यंग लीडर्स क्विज राउंड में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। यह पहल युवाओं को खेल, नेतृत्व, कौशल विकास एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के साथ-साथ भारत के विकसित एवं सशक्त भविष्य के निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!