छत्तीसगढ़सारंगढ़

बिहान दीदियों के हुनर से रोशन होगी दीपावली, कलेक्ट्रेट में पहले दिन 40 हजार 840 रुपए के उत्पाद बिके

बिहान दीदियों के हुनर से रोशन होगी दीपावली, कलेक्ट्रेट में पहले दिन 40 हजार 840 रुपए के उत्पाद बिके

कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और जिला पंचायत सीईओ सहित अधिकारियों ने खरीदारी कर बढ़ाया महिला समूहों का उत्साह

कलेक्ट्रेट परिसर में प्रतिदिन स्टॉल लगाने का प्रयास

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 27 अक्टूबर 2026। दीपावली की तैयारियों के बीच मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में बिहान की दीदियों के स्वनिर्मित उत्पादों से सजे स्टॉलों ने लोगों का ध्यान खींचा। मिट्टी के दीपक और रुई की बातियों से लेकर मिठाइयों, पूजा सामग्री, सजावटी सामान और बांस से बनी घरेलू वस्तुओं तक, हर उत्पाद में महिला समूहों की मेहनत और हुनर की झलक दिखाई दी। पहले ही दिन समूहों ने 40 हजार 840 रुपए के उत्पादों की बिक्री की।

स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों के स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने और उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाए गए इन स्टॉलों पर कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारियों ने पहुंचकर खरीदारी की और महिलाओं का उत्साह बढ़ाया।

कलेक्टर श्रीमती साहू ने स्टॉलों का अवलोकन कर महिलाओं से उनके उत्पादों और कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने स्वयं भी खरीदारी की और अधिकारियों तथा आम नागरिकों से दीपावली सहित अन्य अवसरों पर बिहान की दीदियों द्वारा तैयार वस्तुओं को प्राथमिकता देने की अपील की, ताकि महिला समूहों को बाजार मिले और उनकी आजीविका को मजबूती मिले। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रतिदिन स्टॉल लगाने का भी प्रयास किया जाएगा।

 

रोशनी संकुल संगठन की महिलाओं ने मिट्टी के दीपक, पेड़ा, शुद्ध देशी गाय के घी से बने उत्पाद, झालर और पर्दे प्रदर्शित किए। साथी आजीविका केंद्र के स्टॉल पर अचार, पूजा थाली, गिफ्ट टोकरी, दीपक, झालर, साबुन और हाथ से तैयार रुई की बातियां उपलब्ध रहीं। पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा ने मिठाई, दीपक और बातियों की खरीदारी की। जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी और अन्य अधिकारियों ने भी समूहों के उत्पाद खरीदे।

भाटाकोना के तुलसी समूह ने बांस से हस्तनिर्मित झाड़ू, टोकरी, सूपा और पर्री सहित घरेलू उपयोग की पारंपरिक वस्तुओं का स्टॉल लगाया। दीपावली के अवसर पर कलेक्ट्रेट में मिले इस मंच से महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर मिला।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!