
एसपी सुनील शर्मा की सख्ती का असर,

सड़कों से हटा अतिक्रमण,

69 लापरवाहों पर कार्रवाई, वसूला ₹46,700 जुर्माना

सारंगढ़ बिलाईगढ़, जिले में कानून व्यवस्था के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के नेतृत्व में जिला पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में यातायात सेल और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों, व्यस्त चौराहों और व्यापारिक क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
एसपी सुनील शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडे के स्पष्ट दिशा-निर्देशन में दानसरा रोड, हरदी बाईपास, भारतमाता चौक, छिंद और टिमरलगा रोड सहित विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात में बाधा उत्पन्न करने, नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले 69 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 46,700 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
कार्रवाई के दौरान एसडीओपी श्रीमती स्नेहिल साहू, जिला यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार चंद्रा सहित परिवहन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य प्रमुख मार्गों के किनारे दुकानों द्वारा किए गए अवैध कब्जे, अस्थायी शेड तथा यातायात में बाधा बनने वाले अन्य अतिक्रमणों को तत्काल हटवाया।
राष्ट्रीय राजमार्ग को कराया अतिक्रमण मुक्त
अभियान के दौरान दुकानदारों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि राष्ट्रीय राजमार्ग, मुख्य सड़क अथवा फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध कब्जा भविष्य में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने मौके पर ही कई अस्थायी अवरोध हटवाकर यातायात को सुचारु बनाया।
बेतरतीब पार्किंग पर चला पुलिस का डंडा
भारतमाता चौक और हरदी बाईपास जैसे अत्यधिक व्यस्त क्षेत्रों में मुख्य मार्गों पर गलत तरीके से खड़े वाहनों के कारण लग रहे जाम को देखते हुए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। वाहन चालकों, ढाबा संचालकों और पेट्रोल पंप प्रबंधकों को निर्देश दिए गए कि वाहनों की पार्किंग मुख्य सड़क से 2.5 से 3 मीटर दूर सुरक्षित स्थान पर ही कराई जाए, ताकि यातायात बाधित न हो और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
एसपी सुनील शर्मा का स्पष्ट संदेश
पुलिस प्रशासन ने दो टूक कहा है कि जिले की सड़कें सुरक्षित, अतिक्रमण मुक्त और यातायात के लिए सुगम बनाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि भविष्य में कोई व्यापारी सड़क या फुटपाथ पर दुकान फैलाते, अवैध शेड लगाते या नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करते पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सुनील शर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऐसे प्रभावी अभियान न केवल यातायात व्यवस्था को बेहतर बना रहे हैं, बल्कि आम नागरिकों में कानून के प्रति विश्वास भी मजबूत कर रहे हैं। लगातार हो रही सख्त कार्रवाई से स्पष्ट है कि रायगढ़ पुलिस अब सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन से किसी भी तरह का समझौता करने के मूड में नहीं है।

