छत्तीसगढ़सारंगढ़

सशक्त नारी, युवा उड़ान” थीम पर 2 नवंबर को सजेगा सारंगढ़–बिलाईगढ़ का राज्योत्सव

“सशक्त नारी, युवा उड़ान” थीम पर 2 नवंबर को सजेगा सारंगढ़–बिलाईगढ़ का राज्योत्सव

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने तैयारियों की समीक्षा कर उत्साह, उमंग और गरिमा के साथ आयोजन के दिए निर्देश

खेलभाठा मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभागीय स्टॉल होंगे आकर्षण का केंद्र

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 27 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिला मुख्यालय में 2 नवंबर को “सशक्त नारी, युवा उड़ान” थीम पर राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। सारंगढ़ के गढ़ चौक स्थित खेलभाठा मैदान में होने वाले एक दिवसीय समारोह की तैयारियों की कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने मंगलवार को समय-सीमा की बैठक में समीक्षा की। उन्होंने राज्योत्सव को उत्साह, उमंग और गरिमा के साथ आयोजित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और विभागों को अलग-अलग दायित्व सौंपे।

कलेक्टर ने आयोजन से संबंधित तैयारियों की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में मंच और पंडाल, सुरक्षा एवं यातायात, विद्युत, पेयजल, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं सहित समारोह से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। राज्योत्सव के सफल संचालन के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को नोडल अधिकारी और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सारंगढ़ को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

राज्योत्सव में “सशक्त नारी, युवा उड़ान” थीम पर विभागीय स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से विभिन्न शासकीय योजनाओं और विभागीय कार्यों की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। स्टॉलों में प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम श्री और धरती आबा सहित अन्य योजनाओं तथा वन विभाग द्वारा गोमर्डा अभयारण्य से संबंधित जानकारी शामिल रहेगी।

विभागीय स्टॉलों की व्यवस्था और संबंधित विभागों से समन्वय के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री शंकर लाल सिन्हा को नोडल अधिकारी तथा डिप्टी कलेक्टर डॉ. वर्षा बंसल को सहायक नोडल अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है। स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन और आयोजन के लिए आदिवासी विकास, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा और उच्च शिक्षा विभाग को जिम्मेदारी दी गई है।

समारोह में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस विभाग को तथा मंच एवं पंडाल की व्यवस्था लोक निर्माण विभाग को दी गई है। संबंधित विभाग विद्युत, जनरेटर, माइक और साउंड की व्यवस्था करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, साफ-सफाई, चलित शौचालय और डस्टबिन की व्यवस्था की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस, आकस्मिक चिकित्सा सुविधा, प्राथमिक चिकित्सा किट और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था का दायित्व सौंपा गया है। समारोह स्थल पर फायर ब्रिगेड भी उपलब्ध कराई जाएगी।

समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान, सुशासन तिहार के लंबित आवेदनों, पारस एवं अटल मॉनिटरिंग पोर्टल के साथ ग्रामीण और नगरीय योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पेयजल, धान खरीदी की तैयारियों, भिखमपुरा से संबंधित कार्यों तथा सड़क दुर्घटना संभावित स्थलों की मरम्मत की स्थिति की जानकारी ली।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी, अपर कलेक्टर एवं सारंगढ़ एसडीएम श्री दशरथ सिंह राजपूत, डिप्टी कलेक्टर वर्षा बंसल, सुश्री शिक्षा शर्मा और श्री शंकर लाल सिन्हा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!