
7 दिन में 366 वाहनों पर कार्रवाई, ₹1.29 लाख का जुर्माना

नो पार्किंग पर सबसे ज्यादा शिकंजा, बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में सुधार का दावा

राजनांदगांव। शहर में अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर यातायात पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पिछले सात दिनों में पुलिस ने 366 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 1 लाख 29 हजार 100 रुपये का शमन शुल्क वसूला है।

यातायात पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान नो पार्किंग में खड़े 225 वाहनों पर कार्रवाई की गई। वहीं, अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 141 वाहन चालकों के खिलाफ भी मोटरयान अधिनियम के तहत चालान काटे गए।

पुलिस का कहना है कि लगातार कार्रवाई का असर अब शहर की यातायात व्यवस्था पर दिखाई देने लगा है। खासकर बाजार क्षेत्र में वाहन चालक अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों और सफेद पट्टी के भीतर खड़े कर रहे हैं, जिससे अव्यवस्थित पार्किंग में कमी आई है और यातायात पहले की तुलना में अधिक सुचारु हुआ है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और सभी यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



