
सुशासन तिहार बना किसान के लिए वरदान, 1 माह में मिला कृषि मशीन और ऋण पुस्तिका

₹15 हजार अनुदान से किसान की खेती हुई आसान
*शिविर में दो समस्याओं का समाधान*
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 9 जुलाई 2026/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित सुशासन तिहार 2026 जिले के किसानों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया है। विकासखंड बिलाईगढ़ के ग्राम मड़कड़ी निवासी किसान राशीराम आदित्य इसकी एक प्रेरणादायक मिसाल हैं।
ग्राम मड़कड़ी में विगत 5 जून को आयोजित सुशासन तिहार शिविर में उन्होंने खेती-किसानी के कार्य को आधुनिक और सरल बनाने के उद्देश्य से पावर वीडर मशीन प्राप्त करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन प्राप्त होने के बाद कृषि विभाग बिलाईगढ़ द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए उनके आवेदन का शीघ्र निराकरण किया गया। कृषि विभाग की पहल से राशीराम आदित्य को ₹52,000 मूल्य की पावर वीडर मशीन उपलब्ध कराई गई। शासन की अनुदान योजना के अंतर्गत उन्हें ₹15,000 की सब्सिडी का लाभ मिला, जिससे किसान को केवल ₹37,000 का भुगतान करना पड़ा। इस सहायता से आधुनिक कृषि यंत्र अब उनकी खेती का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। पावर वीडर मशीन के उपयोग से खेतों की निराई-गुड़ाई का कार्य अब कम समय और कम लागत में हो सकेगा। इससे श्रम की बचत होने के साथ-साथ खेती की उत्पादकता बढ़ाने में भी सहायता मिलेगी। आधुनिक कृषि यंत्र मिलने से किसान अब अधिक दक्षता के साथ कृषि कार्य कर सकेंगे।
इतना ही नहीं, सुशासन तिहार शिविर में राशीराम आदित्य ने राजस्व विभाग में ऋण पुस्तिका के लिए भी आवेदन दिया था। राजस्व विभाग द्वारा भी उनके आवेदन का त्वरित निराकरण करते हुए उन्हें ऋण पुस्तिका उपलब्ध करा दी गई। इससे भविष्य में उन्हें बैंक ऋण, कृषि योजनाओं एवं अन्य शासकीय सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में आसानी होगी। किसान राशीराम आदित्य ने शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। सुशासन तिहार में उनकी दोनों महत्वपूर्ण समस्याओं का समय पर समाधान हो गया। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा जिला प्रशासन का धन्यवाद देते हुए कहा कि शासन की यह पहल वास्तव में किसानों के हित में है और ग्रामीणों के जीवन को सरल बना रही है।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशन और उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में फील्ड अधिकारियों ने पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाया है। सुशासन तिहार के माध्यम से जिले में प्राप्त आवेदनों का निरंतर निराकरण कर पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। यह सफलता की कहानी इस बात का प्रमाण है कि शासन की संवेदनशील पहल और जिला प्रशासन की सक्रिय कार्यप्रणाली से आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान अब तेज, सरल और पारदर्शी तरीके से हो रहा है।



