छत्तीसगढ़बलौदाबाजार

बलौदाबाजार में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो मिलों में 6.83 करोड़ के धान की कमी पकड़ी

 

बलौदाबाजार :  छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में धान की कस्टम मिलिंग और भंडारण व्यवस्था की जांच के दौरान बड़ा मामला सामने आया है। खाद्य विभाग की टीम ने सिमगा विकासखंड की दो राइस मिलों में जांच के दौरान कुल 28,871.24 क्विंटल धान की कमी पाई है। विभाग के मुताबिक, इस धान का मूल्य करीब 6.83 करोड़ रुपये है। मामले में दोनों राइस मिल संचालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर जिले में कोचियों, बिचौलियों और राइस मिलों की जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत गुरुवार को खाद्य विभाग की टीम ने ग्राम मोहरा स्थित श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज और सलूजा इंडस्ट्रीज में दबिश देकर स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया।

श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज में 19,351 क्विंटल धान की कमी

जिला खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा के अनुसार, श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज मोहरा में 19,351.80 क्विंटल धान कम पाया गया। इसकी कीमत 4 करोड़ 58 लाख 44 हजार 414 रुपये आंकी गई है।

जांच में यह भी सामने आया कि मिल को नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम में 14,324.59 क्विंटल चावल जमा करना बाकी था। इसके बावजूद मिल के गोदाम और परिसर में भौतिक सत्यापन के दौरान केवल 190.50 क्विंटल चावल और 1,541.60 क्विंटल धान उपलब्ध मिला।

सलूजा इंडस्ट्रीज में भी 9,519 क्विंटल धान का अंतर

इसी तरह सलूजा इंडस्ट्रीज में 9,519.44 क्विंटल धान की कमी पाई गई। विभाग ने इसकी कीमत 2 करोड़ 25 लाख 51 हजार 553 रुपये बताई है।

मिल के भौतिक सत्यापन में महज 3.60 क्विंटल धान और 12 क्विंटल चावल उपलब्ध मिला। जबकि मिल को नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम में 6,459.77 क्विंटल चावल जमा करना शेष था।

दस्तावेज नहीं दे सके संचालक, दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज

खाद्य विभाग के मुताबिक, श्री श्याम राइस इंडस्ट्रीज के संचालक राहुल अग्रवाल और सलूजा इंडस्ट्रीज के संचालक दारा सिंह सलूजा धान की कमी के संबंध में कोई दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सके। विभाग का कहना है कि दोनों मिल संचालकों को चावल जमा करने के लिए कई बार निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित चावल जमा नहीं किया गया।

Oplus_131072

इसके बाद दोनों संचालकों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 के उपबंध 4(3), 6(1), 6(3) और 12 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

Oplus_131072

जिले में राइस मिलों की जांच जारी

जिला प्रशासन धान खरीदी, भंडारण और कस्टम मिलिंग व्यवस्था में अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए जांच अभियान चला रहा है। प्रशासन के अनुसार, कोचियों, बिचौलियों और राइस मिलों की जांच आगे भी जारी रहेगी। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में सहायक खाद्य अधिकारी लक्ष्मण कश्यप और खाद्य निरीक्षक कमल नारायण साहू व शीतलेश यादव शामिल रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!