
पत्रकारिता की एकता को नई मजबूती, गोल्डी नायक फिर बने श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष

भटगांव/बिलाईगढ़/सारंगढ़, छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ की प्रदेश इकाई ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के जिला अध्यक्ष पद पर एक बार फिर गोल्डी नायक पर विश्वास जताते हुए उन्हें पुनः संगठन की कमान सौंपी है। भटगांव स्थित पत्रकार भवन में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में वरिष्ठ पत्रकारों एवं जिले भर से पहुंचे पत्रकार साथियों की सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया।

बैठक की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष अब्बास अली सैफी ने की। उन्होंने कहा कि गोल्डी नायक ने अपने पूर्व कार्यकाल में पत्रकार हितों की रक्षा, संगठन को मजबूत बनाने, सामाजिक सरोकारों तथा खेल गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इन्हीं उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें पुनः जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों की भी घोषणा की गई। सारंगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष का दायित्व वरिष्ठ पत्रकार एवं अधिवक्ता गोपेश रंजन द्विवेदी, बिलाईगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष का दायित्व सहदेव सिदार तथा बरमकेला ब्लॉक अध्यक्ष का दायित्व अश्वनी साहू को सौंपा गया। वहीं तहसील अध्यक्ष के रूप में बिलाईगढ़ में गोपाल साहू, भटगांव में धर्मेंद्र साहू तथा सरसीवा में राहुल पांडेय को जिम्मेदारी दी गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही जिलेभर में वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा तथा पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को लेकर कलेक्टर एवं सभी विकासखंडों में ज्ञापन सौंपा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन भी आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सरसीवा, भटगांव एवं बिलाईगढ़ के नए पत्रकार साथियों को संगठन की सदस्यता भी दिलाई गई।
प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी ने वीडियो कॉल के माध्यम से बैठक को संबोधित करते हुए सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। प्रदेश उपाध्यक्ष अब्बास अली सैफी ने कहा कि जिले के शेष क्षेत्रों में भी शीघ्र बैठक आयोजित कर संरक्षक, जिला कार्यकारिणी एवं ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा, ताकि संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
बैठक में वरिष्ठ पत्रकार राजमणि केसरवानी, गोल्डी नायक, गोपेश रंजन द्विवेदी, भारत भूषण साहू, गोपाल साहू, करण साहू, सतीश रात्रे, दिनेश शर्मा, हितेश जायसवाल, देवेंद्र केवट, राजकुमार सोनी, प्रभाकर कर्ष, धर्मेंद्र साहू, योगेश केशरवानी, के.पी.पटेल, रूपनारायण सिंह, सहदेव सिदार, बसंत सोनी, सुरेश रघु, रामदुलार साहू, गनपत बंजारे, उमाशंकर धीवर, राहुल पांडेय, प्रकाश दीवान, रमेश मनहर सहित जिले के अनेक पत्रकार साथी उपस्थित रहे।


