छत्तीसगढ़सारंगढ़

त्योहारी मिठाइयों की गुणवत्ता पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त निगरानी

त्योहारी मिठाइयों की गुणवत्ता पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त निगरानी

सारंगढ़ और बिलाईगढ़ के प्रतिष्ठानों से मिठाइयों एवं दुग्ध उत्पादों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 4 नवंबर 2026। आगामी त्योहारी सीजन में नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में मिठाई प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण अभियान शुरू किया है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू और विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सारंगढ़ एवं बिलाईगढ़ विकासखंड के विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।

निरीक्षण के दौरान अंजीर कलाकंद, खोवा (मावा), कलाकंद, बेसन लड्डू, बालूशाही, मोतीचूर लड्डू, पेड़ा सहित अन्य मिठाई उत्पादों के नमूने लिए गए। नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन, मिलावट या खाद्य पदार्थ असुरक्षित पाए जाने की पुष्टि होने पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव, स्वच्छता, उचित भंडारण और गुणवत्ता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। वैध खाद्य अनुज्ञप्ति अथवा पंजीयन सुनिश्चित करने के साथ ही उन्हें खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी नहीं करने की हिदायत दी गई। विभाग ने कहा है कि नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने या खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में अभिहित अधिकारी श्री भारत भूषण पटेल, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री नेमीचंद पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री वरुण पटेल एवं श्रीमती सुमन अग्रवाल शामिल रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि त्योहारी अवधि में सारंगढ़, बिलाईगढ़ सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में भी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और नमूना संग्रहण लगातार जारी रहेगा। नागरिकों से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता के प्रति सजग रहने तथा मिलावट या अनियमितता की जानकारी विभाग को देने की अपील की गई है।

 

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!